आज मध्य प्रदेश में राहुल गांधी, ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा #ChambalWithCongress

भोपाल। कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी आज से दो दिन के मध्‍य प्रदेश दौरे पर हैं। दतिया पहुंचे राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर किसानों, भगौड़े कारोबारियों और राफेल मुद्दे को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी किसानों की कर्जमाफी पर हमेशा चुप रहते हैं और अपने करीबी उद्योगपतियों का कर्ज माफ आसानी से कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि, “जब कांग्रेस की सरकार केंद्र में थी, तब हमने किसानों का कर्जा माफ किया। लेकिन मौजूदा सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी से एक मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि, मैं किसानों की बात करने पीएम ऑफिस गया था। मैंने उनसे कहा कि आप बड़े उद्योगपतियों का कर्जा माफ कर रहे हैं। तो आप किसानों को भी ऐसी ही राहत दीजिए। लेकिन उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला।” उन्होंने दावा किया कि जैसे ही मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार आयेगी वैसे ही मध्य प्रदेश में किसान का कर्जा 10 दिन के अंदर माफ हो जायेगा। हमारा मुख्यमंत्री 24 घंटे में से 18 घंटे युवाओं को रोज़गार देने में लगा देगा। उन्होंने आगे कहा कि जो पैसा मोदी जी ने विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी को दिया। वही पैसा कांग्रेस सरकार युवाओं को बिजनेस खोलने के लिये देगी।

आज राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर ट्विटर पर #ChambalWithCongress ट्रेंड कर रहा है।