नवरात्रि पर माँ पीताम्बरा शक्तिपीठ पहुंचे राहुल गांधी, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की पूजा-अर्चना

दतिया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल के दो दिनों के दौरे पर पहुंचे हैं। राहुल गांधी ने अपने दौरे की शुरुआत दतिया में पीतांबरापीठ के दर्शन करने के बाद की।

जानकारी के मुताबिक दो दिवसीय दौरे में राहुल छह जनसभाओं को संबोधित करेंगे और दो स्थानों पर रोड-शो करेंगे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके साथ-साथ होंगे।

मां पीताम्बरा का लिया आशीर्वाद
कांग्रेस अध्यक्ष ने आज दतिया में पीताम्बरा पीठ पहुंचकर पूजा अर्चना की, ये मंदिर बगलामुखी देवी का है और इसे पीताम्बरा पीठ भी कहा जाता है। ये मंदिर देश के सबसे शुभ मंदिरों में से एक है और तांत्रिक प्रथाओं के लिए जाना जाता है, यहां होने वाले पूजा संस्कार और अनुष्ठान लोगों की सफलता और उपलब्धि के लिए होते हैं। राहुल गांधी मंदिर में प्रार्थना करने के साथ-साथ अभिषेक भी किया।