कांग्पीरेसएम मोदी के खिलाफ मोर्चा खोलेगा मध्यप्रदेश, जानिए क्या है वजह

भोपाल। कांग्रेस अब मोदी सरकार के खिलाफ बड़ी तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आव्हान पर दिल्ली में अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी है। 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पर मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में 14 दिसंबर को यह प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए सभी विधायकों और सभी मंत्रियों को जवाबदारी दी गई है। सभी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही सभी विधायकों को भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचने की जवाबदारी दी गई है।

मोदी सरकार की नीतियों पर हमला
कांग्रेस सरकार मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ इस बड़े प्रदर्शन की तैयारी में जुट गई है। पिछले माह भी कमलनाथ सरकार के मंत्री दिल्ली में मोदी सरकार के खिलाफ धरना देने वाले थे। मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता रामलीला मैदान पर प्रदर्शन कर मोदी सरकार से ओलावृष्टि प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की राशि, वहीं किसान कर्ज माफी के लिए सहायता आदि की मांग करेंगे।

55 ट्रेनों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता
मध्यप्रदेश के सभी जिलों से ट्रेनों में बोगियां रिजर्व करवाने को कहा गया है। सभी जिलों से लगभग 55 ट्रेनों में बोगियां रिजर्व करवाकर 14 दिसंबर की सुबह तक दिल्ली पहुंचने को कहा गया है।

50 हजार कार्यकर्ता ले जाने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की जवाबदारी दी गई है। मध्यप्रदेश से कुल 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारी की जा रही है।

500 वाहन भी जाएंगे दिल्ली
सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए ट्रेनों में बोगियां बुक करवाई जा रही है, जबकि बड़ी संख्या में बस, चार पहिया वाहन और दो पहिया वाहनों से भी कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि करीब 500 वाहनों से कार्यकर्ताओं के जाने की तैयारी की जा रही है।