आटो और ट्रक की भिड़ंत में दो छात्राओं सहित तीन की मौत

बुरहानपुर। जिले में इंदौर इच्छापुर-हाईवे पर मंगलवार सुबह ऑटो और ट्रक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो छात्राओं व ऑटो चालक की मौत हो गई। कई छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक और घायल छात्र-छात्राएं विवेकानंद कॉलेज के बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को राहत राशि देने की घोषणा की है।मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नेपानगर दौरा था। उनके कार्यक्रम के लिए कालेज की बसों का अधिग्रहण कर लिया गया था। इसके चलते विद्यार्थी ऑटो से कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस दुर्घटना के बाद शाहपुर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

अस्पताल पुलिस चौकी के मुताबिक दुर्घटना में दो छात्राओं और ऑटो चालक की मौत हुई है, जबकि करीब 10-12 छात्र-छात्राएं घायल हो गए हैं। मृतकों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के बमभाड़ा गांव की 19 वर्षीय पूजा पिता रविंद्र और इसी गांव की विद्या पिता तुकाराम के रूप में हुई है। मृतक ऑटो चालक की पहचान 40 वर्षीय दिनेश महाजन के रूप में हुई है।पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चिटनिस ने इस दुर्घटना की जानकारी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को दी। मुख्यमंत्री चौहान ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त कर जिला प्रशासन को तत्काल यथा संभव मदद के लिए निर्देशित किया और घायलों के उचित उपचार के दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने मृतकों के परिजनों को दो–दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने तथा गंभीर रूप से घायल हुए नागरिकों को भी सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।