MP में फिर होगी बारिश:ग्वालियर-चंबल से एंट्री; इंदौर-भोपाल भी भीगेंगे

मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश होने के आसार हैं। बारिश के 2 नए सिस्टम बन रहे हैं, जो ग्वालियर-चंबल के साथ ही भोपाल-इंदौर में भी बारिश करा सकते हैं। मौसम बदलने से दिन के तापमान भी गिरावट भी आई है।

प्रदेश के कुछ जिलों में अगले हफ्ते तक बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन के मुताबिक, अभी बारिश के 2 सिस्टम बन रहे हैं। हिमालय से ठंडी हवाएं आने के कारण तापमान में गिरावट हुई है। दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट अगले एक सप्ताह तक इसी तरह रहेगी।

नया सिस्टम 8 नवंबर को प्रदेश के ग्वालियर-चंबल में हल्की से मध्यम बारिश करा सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्वालियर में होगा। यहां पर आधा इंच तक बारिश हो सकती है। इंदौर और भोपाल तक बादल छा सकते हैं। दो दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, उसके बाद फिर तापमान में गिरावट होगी।

इस सीजन पहली बार दिन का पारा 22 डिग्री के नीचे आया
मध्यप्रदेश में ठंड अपना हल्का असर दिखाने लगी है। प्रदेश में मानसून के बाद पहली बार दिन का पारा अधिकांश इलाकों में 30 डिग्री के नीचे आ गया। दिन का सबसे कम तापमान सिवनी में 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 7.6 डिग्री से कम रहा। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान नौगांव में 33 डिग्री, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, खरगोन, खंडवा, गुना और धार में 31 से 32 डिग्री के बीच रहा। इसके अलावा प्रदेशभर में दिन का तापमान 30 डिग्री के नीचे रहा। रात का पारा सबसे कम पचमढ़ी और मंडला में 11 डिग्री के नीचे तक चला गया है।

मौसम वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि पाकिस्तान से आने वाली हवाएं मैदानी इलाकों में एंट्री करेंगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बनना शुरू हो जाएंगे। 8 नवंबर तक यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगा। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश से लगे इलाकों में होगा। इस कारण ग्वालियर में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इंदौर और भोपाल में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बन सकते हैं।

सिस्टम के जाते ही ठंड बढ़ जाएगी

वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि पाकिस्तान की हवाएं के आने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी होती है। इनके जाने के बाद तापमान में गिरावट होती है। इसके बाद ही ठंड अपना असर दिखाना शुरू करेगी। मध्यप्रदेश में अच्छी कड़ाके की ठंड दिसंबर से शुरू होगी। यह करीब तीन महीने फरवरी तक रहेगी।

एक सप्ताह गुलाबी ठंडक

अभी मध्यप्रदेश में एक सप्ताह तक सुबह और शाम ही हल्की ठंडक बनी रह सकती है। रात का पारा 14 के आसपास और दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव 6 नवंबर के बाद मध्यप्रदेश में देखने को मिलेगा।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि हिमालय में हल्की बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही हिमालय से आने वाली हवाएं उत्तर पूर्वी हो गईं। इससे मैदानी इलाकों में हल्की ठंड होने लगी है। इसी का असर मध्यप्रदेश में दिखने लगा है। भोपाल में और हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। रात में अभी और तापमान नीचे आएंगे।