मप्र में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक, राजधानी में सीजन की सबसे सर्द रही दीपावली की रात

भोपाल। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने मध्य प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सिहरन बढ़ा दी है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जहां दिन का मिजाज गरम है तो वही रात में गुलाबी ठंड ने दस्तक दी है। दिवाली के साथ रात का मौसम बदलने की शुरुआत हो चुकी है। दिपावली की रात राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही राजधानी में यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। इसके साथ ही एमपी में रात में ओस गिरनी भी शुरू हो गई है।मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में एक हफ्ते के बाद मौसम बदलेगा। जिसकी वजह से राजधानी सहित प्रदेश के कई शहरो में ज्यादा और तेज ठंड पड़ेगी।

मौसम मौसम विज्ञानी ममता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान सितरंग सोमवार-मंगलवार की रात में बांग्लादेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है। इस तूफान का मध्य प्रदेश के मौसम पर किसी तरह का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। अब इस तूफान के मेघालय की तरफ बढऩे की संभावना है। उधर पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ों पर काफी बर्फबारी हुई है। साथ ही वर्तमान में हवाओं का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी हो गया है। इसके चलते रात के अलावा अब दिन के तापमान में गिरावट होने लगी है।मौसम विभाग के मुताबिक अभी तीन-चार दिनों तक रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। उसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत को प्रभावित करने पर हवाओं की दिशा बदलेगी। उसकी वजह से रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।