20 जिलों में तेज बारिश, 24 घंटे में इंदौर में 10 तो भोपाल में 8.5 इंच पानी गिरा, म.प्र. अलर्ट

  • भाेपाल, उज्जैन, सागर, जबलपुर, ग्वालियर संभागाें में अगले 2 दिन भारी बारिश का अनुमान
  • मौसम विभाग ने 21 जिलोंं के लिए एक साथ रेड, औरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है

मध्यप्रदेश के 20 जिलों में तीन दिन से भारी बारिश हो रही है। इसका जनजीवन पर असर देखा जा रहा है। भोपाल में शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह (8:30 बजे) तक 215.4 मिमी (8.5 इंच) पानी गिर चुका है। इससे पहले शहर में 14 अगस्त 2006 को 299 मिमी बारिश हुई थी। उधर, इंदौर में भी इस दौरान 10 इंच बारिश हुई।

भोपाल का बड़ा तालाब पानी से पूरी तरह लबालब हो गया। तेज बारिश के चलते भदभदा डैम के एक-एक कर छह गेट खोलने पड़े। भोपाल एयरपोर्ट के रनवे पर पानी भरने के कारण फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद रहा।

रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान
मौसम विभाग ने एक साथ 21 जिलों के लिए रेड, औरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को ऐसा ही मौसम बना रहने का अनुमान है। 24 और 25 अगस्त के बाद से बारिश से कुछ राहत मिल सकती है। बारिश के बाद सीएम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर समीक्षा की। कलेक्टरों को छोटे-बांधों की देखभाल के लिए कहा गया है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण कंट्रोल रूम भी अलर्ट मोड में है।

इंदौर में 24 घंटे में 10 इंच बारिश
शहर में पिछले 24 घंटे में 263.2 मिमी यानी करीब 10.35 इंच बारिश हो चुकी है। शहर की औसत बारिश 34 इंच है। अब तक शहर में 32 इंच पानी गिर चुका है। बारिश से इंदौर की 50 से ज्यादा कॉलोनियां पानी-पानी हो गईं। 20 से ज्यादा निचली बस्तियों में तो कमर तक पानी भरा है। धार रोड के नावदा पंथ में तो एक परिवार मुसीबत में फंस गया। इनकी कार पानी में डूब गई, जिसके बाद क्रेन की मदद से इन्हें बाहर निकाला गया। इसके अलावा, गांधी नगर, भावना, प्रजापति नगर सहित कई पॉश इलाके पानी-पानी हो गए हैं। यशवंत सागर बांध के लबालब होने से सभी गेट खोल दिए गए हैं।

यह तस्वीर इंदौर के प्रहलाद नगर की है। यहां भारी बारिश के बाद सड़क किनारे खड़ी कारें डूब गईं।
यह तस्वीर इंदौर के प्रहलाद नगर की है। यहां भारी बारिश के बाद सड़क किनारे खड़ी कारें डूब गईं।

हाेशंगाबाद: नर्मदा का जलस्तर 8 फीट बढ़ा
हाेशंगाबाद में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई। 24 घंटे में नर्मदा का जलस्तर सेठानीघाट पर 8 फीट बढ़कर 955 फीट पहुंच गया। यह खतरे के निशान 967 फीट से 12 फीट नीचे है। तवा बांध का जलस्तर 1158 फीट हो गया। 1160 फीट पर जलस्तर आने पर बांध के गेट खोले जा सकते हैं। तवा नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

यहां रेड अलर्ट
खरगौन, अलीराजपुर, झाबुआ रतलाम जिलों में ज्यादा बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच इन जिलों में 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और चमकने की भी आशंका है।

ऑरेंज अलर्ट
बुरहानपुर, बड़वानी, इंंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, नीमच, मंदसौर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यलो अलर्ट
बैतूल, हरदा, होशंगाबाद, खंडवा, राजगढ़, सीहोर, भोपाल, रायसेन और विदिशा जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।