महाराष्ट्र की शिंदे सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार मंगलवार को

मुंबई। महाराष्ट्र में मुख्य मंत्री एकनाथ शिंदे सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार मंगलवार को होगा और सुबह 11 बजे राजभवन के दरबार हाल में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस विस्तार में भाजपा के 10 तथा शिंदे गुट के 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाये जाने की संभावना है। शिंदे ने बताया कि शपथ लेने वाले विधायकों के नाम कल सुबह तक तय कर लिए जायेंगे।

राज्य में महाविकास आघाड़ी के पतन के बाद 30 जून को एकनाथ शिंदे ने सीएम पद की तथा देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी। इसके बाद अब तक कैबिनेट का गठन नहीं हो पाया है। सोमवार को एकनाथ शिंदे तथा देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई बैठक के बाद कैबिनेट विस्तार के बारे में चर्चा हुई। बैठक के फैसलों की जानकारी देने खुद भाजपा प्रभारी राजभवन गए और उन्होंने राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मुलाकात की।सीएम शिंदे के मुताबिक शपथ लेने वाले विधायकों के नाम कल सुबह तक तय कर लिए जायेंगे। भाजपा से कैबिनेट में शामिल होने वाले विधायकों में सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, राधाकृष्ण विखे पाटिल, प्रवीण दरेकर, सुरेश खाड़े, गिरीश महाजन के नाम चर्चा में हैं। साथ ही शिंदे गुट के गुलाबराव पाटिल, सदा सरवणकर, दादा भूसे, संदीपन भूमरे, संजय शिरसाट, दीपक केसरकर सहित 10 विधायकों को कल मंत्री पद की शपथ दिलाये जाने की संभावना जताई गई है।