कमलनाथ ने उमा भारती को दिया भारत जोड़ो यात्रा का न्यौता

भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में जारी भारत जोड़ो यात्रा के बीच उनकी टीशर्ट की कीमत पर मचे राजनीतिक घमासान के बीच मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा पर तंज कसा है।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास कहने को कुछ नहीं बचा है। इसलिए अभी टीशर्ट पर आए हैं, कल ये लोग जूतों पर आ जाएंगे। भाजपा के लोग यह नहीं बताएंगे कि भारत जोड़ो यात्रा में कितने लोग हमारे साथ चल रहे हैं। उन्होंने पूर्व सीएम उमा भारती को भी यात्रा से जुडऩे का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मैं उमा भारती को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूँ। उमा ने शुक्रवार को कहा था कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा को शुरू करने में लेट हो गई। वहीं उमाभारती द्वारा जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बिगडऩे के सवाल पर जवाब में कहा कि उमा भारती सच कह रही है एमपी में सामाजिक न्याय की गड़बड़ी है। आज सामाजिक न्याय की बहुत बड़ी आवश्यकता है, हमारा एक ऐसा प्रदेश है, जहां इतनी जातियाँ और समाज हैं। भाजपा को आज कई लोग चुनौती दे रहे हैं, चुनाव तक आप देखते जाइए कितने लोग चुनौती देंगे।

खुदकुशी मामले में टास्क फोर्स के गठन पर उठाए सवाल

कमलनाथ ने खुदकुशी मामले में टास्क फोर्स के गठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति ही क्यों निर्मित होती है कि, कोई खुदकुशी करें। भाजपा तो इसे भी एक इवेंट बनायेगी, ऐसी स्थिति ही निर्मित नहीं होना चाहिए कि लोग खुदकुशी करें।