गाँधी जयंती के बहाने झाबुआ में भाजपा नेताओं ने किया अपना प्रचार : भाजपा बोली गांधीगिरी तो हम कर रहे

विधानसभा उपचुनाव में गांधी भी आ गए। प्रचार के समय के बीच गांधी जयंती आई तो भाजपा के प्रत्याशियों ने गांधी के बहाने अपना प्रचार-प्रसार भी कर लिया। पार्टी के झंडे लेकर उनकी प्रतिमा पर पहुंचे। माल्यार्पण किया और हाथ जोड़कर बातों-बातों में वोट भी मांग लिए। कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने गांधी को खुद का बताया तो भाजपा नेताओं ने कहा- गांधी के विचारों पर हम चल रहे। भाजपा की गांधी संकल्प यात्रा भी निकली। लेकिन इस यात्रा के बहाने भी प्रचार हो गया। पार्टी के प्रत्याशी भानू भूरिया हाथ जोड़कर और पैर पड़कर वोट मांगते रहे।

फॉर्म खींचने का आज आखिरी दिन, कल्याण पर निगाहें : उपचुनाव में फॉर्म भरने वालों को नाम वापसी के लिए अब सिर्फ गुरुवार का दिन मिलेगा। दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। सारे लोगों की निगाहें भाजपा के बागी कल्याणसिंह डामोर पर टिकी हुई हैं। कल्याण ने बगावत कर निर्दलीय नामांकन भर दिया था।

दो नामांकन निरस्त, अब मैदान में 6 लोग : मंगलवार को नामांकन फॉर्म की जांच में दो प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए। जांच में संजय डामोर निवासी फूटिया की उम्र 25 वर्ष से कम होने और जालमसिंह पटेल निवासी वलवई तहसील सोंडवा जिला आलीराजपुर द्वारा नामावली की सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित प्रति नहीं देने के कारण नामांकन निरस्त किए गए।

गांधीजी को अपना बताने की कोशिश

नेता कह रहे हैं, शहर मे गांधी प्रतिमा नहीं थी। नगर पालिका में कई वर्षों तक भाजपा का कब्जा रहा, लेकिन कभी उन्होंने प्रतिमा नहीं लगवाई। हमने परिषद में आते ही ये निर्णय लिया कि राष्ट्रपिता की प्रतिमा लगाई जाएगी। ऐसा किया और छतरी चौक अब गांधी चौक है। गांधी कांग्रेस के थे और कांग्रेस उनके विचारों पर चल रही है। जो लोग गांधी के विचारों का विरोध करते थे और स्वतंत्रता आंदोलन में जिनका कोई योगदान नहीं था, वो भी अब गांधी का नाम जप रहे हैं।

गांधी पर बोले प्रत्याशी

कांतिलाल भूरिया :
गांधीजी के विचारों में सांप्रदायिकता की कोई जगह नहीं थी। जब देश गुलामी की जंजीर में जकड़ा हुआ था तब गांधी ने देश की जनता को जागरूक कर भारत छोड़ो आंदोलन, असहयोग आंदोलन चलाकर अंग्रेजों को देश छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल को आज देश की जनता याद कर रही है। समाज को एकजुट रखना देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोनों विभूतियों द्वारा दिखाए गए सत्य अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

भानू भूरिया : महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प हमें लेना है। भाजपा लोगों के बीच उनके विचारों को फैलाने का काम करेगी। इसके साथ ही स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। गांधी के विचार प्रासंगिक हमेशा से हैं और हमेशा रहेंगे।