गांधीजी की जयंती पर शहर में जगह-जगह हुए कार्यक्रम

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के शहर सहित जिलेभर में सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों सहित जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रम हुए। खेल विभाग, नगर पालिका व अन्य विभागों ने स्वच्छता संदेश और सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध संबंधित रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया। कट्ठीवाड़ा में अस्पताल में स्वच्छता पर्व में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट प्रशिक्षण दिया गया। अस्पताल स्टाफ ने परिसर में सफाई की। सीएससी सेंटर चंद्रशेखर आजाद नगर व जोबट सहित अन्य जगह सफाई अभियान चलाया गया।

जिला कांग्रेस ने गांधीजी एवं शास्त्रीजी की जयंती मनाई : जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर स्व. गांधी एवं स्व. शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल, विधायक मुकेश पटेल, कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिकां अध्यक्ष पटेल ने कहा कि महात्मा गांधीजी ने भारत देश को आजादी दिलाने में अहम योगदान दिया है। विधायक पटेल ने कहा स्व. गांधीजी ने हमेशा सत्य, अहिंसा, मानवता ओर शांति के पथ पर चलकर देश की सेवाएं की है। गांधीजी के बलिदान को देश कभी नही भूलेगा। इस दौरान राधेश्याम माहेश्वरी, प्रकाशचंद्र जैन बापू पटेल, राहुल परिहार, सोनू वर्मा, आदि मौजूद थे।

सर प्रताप उमावि में मनाई बापू की जयंती : सर प्रताप उमावि में स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान अंतर्गत रैली का आयोजन किया गया। रैली में 500 छात्र-छात्राएं शामिल हुई। प्राचार्य संजय परवाल ने बताया कि महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में संस्था द्वारा सात दिवसीय स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है।

विवेकानंद विद्यापीठ में मनाई जयंती : स्वामी विवेकानंद विद्या पीठ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राचार्य समीर कुलकर्णी सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित थे। छात्र अक्षत सोमानी द्वारा गांधी जी के जीवन चरित्र का विवरण प्रस्तुत किया गया। पश्चात गांधी जी के जीवन पर फिल्म दिखाई गई। ये जानकारी सांस्कृतिक प्रभारी हेतल चंदेल व ममता शर्मा ने दी।

वहीं महाविद्यालय में सामूहिक रूप से गांधी साहित्य का वाचन कार्यक्रम किया गया। जिसमें प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों के साथ कार्यालयीन स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

गांधी जयंती पर अस्पताल परिसर में सफाई करते कर्मचारी अन्य।

कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी।