नौकरी के लिए युवाओं का प्रदर्शन, पुलिस ने बल प्रयोग कर 50 से अधिक लड़के-लड़कियों को गिरफ्तार किया

  • बेरोजगार संघ के आह्वान पर किया गया प्रदर्शन
  • अनुमति नहीं होने के कारण पुलिस ने सख्त कार्यवाही की
  • राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने दिया समर्थन

भोपाल। मध्यप्रदेश बेरोजगार युवा संघ ने प्रदेश में रोजगार की मांग और पुलिस भर्ती की आयु 37 साल करने की मांग की है। संघ आज प्रदेशव्यापी आंदोलन कर रहा है। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर बेरोजगार युवाओं ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बेरोजगार युवा संघ के आंदोलन को  प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी समर्थन दिया। दिग्विजय सिंह रोजगार युवा संघ के आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने रोशनपुरा चौराहे पर रोजगार की मांग को लेकर धरना दे रहे युवाओं से मुलाकात की।  

रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर सख्ती दिखाते हुए उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार किया। पुलिस बस में भी बेरोजगार युवाओं को जोश कम नहीं हुआ। वे प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे बाजी करते रहे और रोजगार की मांग पुरजोर तरीके से की।

दरअसल पिछले 3 साल से पुलिस समेत अन्य विभागों में वेकेंसी नहीं निकाली गई है। जिसे लेकर बेरोजगार युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। बेरोजगार युवाओं की मांग है कि प्रदेश में एमपीपीएससी, प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड, पुलिस और दूसरे अन्य विभागों में जल्द से जल्द वैकेंसी निकाली जाए।

पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते प्रदर्शनकारी।

हालांकि प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के कारण पुलिस ने सख्ती करते हुए 50 से अधिक लड़के लड़कियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर अभी हंगामा चल रहा है। टीटी नगर सीएसपी उमेश तिवारी ने बताया कि अब तक 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया। युवाओं ने आरोप लगाए कि क्या कोविड-19 की गाइड लाइन सिर्फ आम लोगों के लिए ही है।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर बल प्रयोग करती पुलिस।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर बल प्रयोग करती पुलिस।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस से बचती हुई।
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस से बचती हुई।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस लगाए आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाए कि पुलिस ने उन पर जानबूझकर लाठीचार्ज किया है। प्रदर्शन की जानकारी पहले से ही पुलिस प्रशासन को दे दी गई थी। हम सामान्य प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें पीटा है। कई लोगों को चोटें भी आई हैं।