भोपाल में रंगदारी मांगने वाला क्रिकेटर निकला

पहले फोन पर धमकाया, पुलिस से शिकायत हुई तो रात को माफी मांगने घर पहुंचा।

  • परिजनों के कहने पर विष्णु ने आरोपी के खिलाफ शिकायत वापस ली
  • खाना और रुपए नहीं मिलने पर गोली तक मारवाने की धमकी दी थी

राजधानी भोपाल में फास्ट फूड चेन संचालक विष्णु प्रसाद शर्मा से रंगदारी वसूलने का धमकी भरा फोन करने के मामले में नया मोड़ आया है। फोन पर गोली मारने तक की धमकी देने वाला आरोपी क्रिकेटर निकला। जब उसका नशा उतरा तो वह उनके पैर पकड़ने उनके घर पहुंच गया। परिजनों के समझाने के बाद विष्णु ने उसे माफ कर दिया। उन्होंने अपना शिकायती आवेदन भी थाने से ले लिया।

विष्णु ने बताया कि दैनिक भास्कर एप पर न्यूज पब्लिश होने के बाद आरोपी को एफआईआर के बारे में पता चल गया। इसके बाद वह उनका घर पता करते हुए आया। उसने बताया कि वह क्रिकेटर है। उसकी उम्र करीब 25-26 साल की है। इसके साथ ही वह मैचों की कमेंट्री और अंपायरिंग भी करता है। इतना ही नहीं भोपाल के कुछ क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी उसे माफ करने के लिए विष्णु से बात की। इधर, परिजनों ने भी युवक की उम्र और उसके भविष्य को देखते हुए उसे माफ करने का फैसला किया।

युवक ने अपना नाम आशीष बताया। उसने कहा कि उससे यह गलती में हो गया। वह नशे में था। इतना ही नहीं उसने कुछ और जगह भी फोन किए थे। अब वह सबसे माफी मांग रहा है। विष्णु ने कहा कि युवक की उम्र अभी बहुत कम है। ऐसे में अगर उसने अपनी गलती मान ली है, तो उसे माफ करना जरूरी है। उसने भरोसा दिलाया है कि अब वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा।