ठंड अभी बाकी है, मौसम विभाग ने 3 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट किया जारी

मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तर भारत के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा सहित कई प्रदेशों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। बता दें ऑरेंज अलर्ट मौसम परिवर्तन से उत्पन्न होने वाली किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने के लिए कहता है। वहीं येलो अलर्ट दर्शाता है कि मौसम बदल सकता है, इसलिए सतर्क रहें। वहीं स्काईमेट वेदर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के 18 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमायल तक पहुंच सकता है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी को पश्चिमी हिमालय पहुंचेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान, अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश को छोड़कर पूरे देश में मौसम शुष्क रहा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर जारी रही। पश्चिमी यूपी और पूर्वी मप्र में शीत लहर रही। दक्षिण हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शून्य तापमान दर्ज किया गया।

 पंजाब में गुरदासपुर, फिरोजपुर, मुक्तसर, जालंधर, होशियारपुर और बठिंडा ऑरेंज अलर्ट पर हैं। वहीं आईएमडी ने फाजिल्का, बरनाला, संगरूर, लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

– हरियाणा में सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी और हिसार ऑरेंज अलर्ट पर है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, भिवानी और पलवल येलो अलर्ट पर हैं।

– उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्से येलो अलर्ट पर हैं।

– मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे के अंदर उत्तर राजस्थान में गंभीर शीत लहर की स्थिति रहेगी। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी, बिहार और उत्तरी मध्यप्रदेश में शीत लहर की स्थिति रहने और उसके बाद कम होने की संभावना है।

– अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश में रात और सुबह के समय अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

– 19 से 20 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बद 3 दिनों तक कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा।

– मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

– 23 और 24 जनवरी को जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम ओलावृष्टि की संभावना है।