तोड़ने की राजनीति में माहिर है भाजपा : कांग्रेस

नई दिल्ली। गोवा में कांग्रेस के आठ विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर हमलाा बोला है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि भाजपा गोवा में “ऑपरेशन कीचड़” चला रही है। यह पार्टी सिर्फ तोड़ने की राजनीति में माहिर है।खेड़ा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से भाजपा में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि जो भारत जोड़ने के इस कठिन सफर में साथ नहीं दे पा रहे हैं, वो भाजपा की धमकियों से डर कर तोड़ने वालों के पास जा रहे हैं लेकिन उनको यह भी समझ लेना चाहिए कि भारत सब देख रहा है।

उल्लेखनीय है कि गोवा में कांग्रेस के 11 विधायक थे। जिसमें से आठ विधायकों ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है। अब कांग्रेस में सिर्फ तीन विधायक ही बचे हैं। आठ विधायकों ने एक साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा की सदस्यता ली है। यह संख्या दो-तिहाई से अधिक है। इसलिए इनपर दल बदल कानून भी लागू नहीं होगा। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दिगंबर कामत, माइकल लोबो, देलिया लोबो, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई, एलेक्सो स्काइरिया, संकल्प अमोलकर और रोडोल्फो फर्नांडीज भाजपा में शामिल हुए हैं।