भाजपा का संकल्प पत्र, कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार, इसी हफ्ते आएंगे जनता के सामने

हरियाणा. सभी दलों ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। अब भाजपा संकल्प पत्र 10 या 11 अक्टूबर को ला सकती है। कांग्रेस भी इसी सप्ताह घोषणा पत्र ला सकती है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा बुजुर्गों की पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति माह करने को संकल्प पत्र में शामिल कर सकती है, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा आदि पर अधिक जोर देने का विचार है। संकल्प पत्र कमेटी ने अपनी रिपोर्ट बनाकर सीएम मनोहर लाल को सौंप दी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के अनुसार संकल्प पत्र पर केंद्रीय नेतृत्व भी विचार कर रहा है।


ये विषय शामिल किए भाजपा ने
सूत्रों के अनुसार संकल्प पत्र में स्वास्थ्य पर जोर दिया गया है। अम्बाला व पंचकूला में आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पतालों की तर्ज पर सभी 22 जिलों में ऐसे ही अस्पताल बनाए जाने की योजना है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों मंे कंपीटिशन शुरू होगा, सभी स्कूल आरोही या संस्कृति मॉडल की तर्ज पर होंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए गांव-गांव तक सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग बड़े स्तर पर शुरू की जा सकती है। वहीं किसानों के लिए नए बीज, नई तकनीक, फसल से संबंधित जानकारी कृषि विश्वविद्यालय से ऐप के जरिए दिए जाने की योजना है। हर किसान का मोबाइल नंबर विश्वविद्यालय के पास दर्ज कराकर जानकारी दिए जाने की योजना बनाई गई है।
 

1.70 लाख सुझाव आए
पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 154 वादे किए थे। अबकी बार संकल्प पत्र तैयार करने के लिए जनता से सुझाव मांगे गए थे, प्रदेश भर से करीब 1.70 लाख सुझाव आए, इनको करीब 2000 श्रेणियों में बांटा गया। कमेटी ने 200 सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया। संकल्प-पत्र को 32 पेज का तैयार किया गया है। सूत्रों का कहना है कि कवर पेज पर पीएम और सीएम की फोटो है और 2019 से 2024 तक म्हारे सपनों का हरियाणा शीर्षक दिया गया है।

जानिए कांग्रेस का मैनिफेस्टो
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही अपने घोषणापत्र के साथ जनता के बीच होगी। कांग्रेस का घोषणापत्र पूरी तरह से व्यवहारिक होगा। मैनिफेस्टो लगभग फाइनल हो गया है। इसमें हर वर्ग के लिए योजनाएं होंगी। कर्मचारी जिन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनमें भी कई मैनिफेस्टो में मिलेंगी। किसान, दलित, पिछड़ा समेत सभी वर्गों के लिए योजना में रखा गया है। यहां तक कि युवा, बुजुर्ग को लेकर भी कांग्रेस ने प्लानिंग की है। इसके अलावा हमें जनता को भाजपा की पांच साल की नाकामियां बताएंगे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा की घोषणाओं से इनपुट लिया गया है।


धोखे का सबको पता लगे : सैलजा
सैलजा ने कहा कि भाजपा ने केवल झूठे वादे किए। हरियाणा में क्राइम बढ़ा है। 2016 के बाद एनसीआरबी ने डाटा ही जारी नहीं किया। हमारी सरकार बनने पर सभी मामले की जांच कराई जाएगी। जनता को पता लगना चाहिए कि उनके साथ धोखा हुआ है। संगठनों और जनता से भी सुझाव लिए गए हैं। ड्रग माफिया हो, खनन माफिया से सरकार की मिलीभगत हो, किसानों या महिलाओं के मुद्दे हों। लोगों को घाव करने वाले ये मुद्दे फिर से जिंदा हो उठे हैं।