‘सक्रियता एवं निष्क्रियता के बीच होगा बैतूल का चुनाव’

पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे बोले- छिंदवाड़ा में जनता के दिलों पर राज करते हैं कमलनाथ

हरदा – हरदा जिला मुख्यालय पर बुधवार को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। विधायक डॉ आर के दोगने के निवास पर आयोजित सम्मेलन में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, लोकसभा चुनाव प्रत्याशी रामु टेकाम, जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत टाले, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिला ठाकुर सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा। पूर्व मंत्री पांसे ने कहा कि कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ताओं की बदौलत ही हरदा जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के हर कर्मठ कार्यकर्ता को कड़ी मेहनत कर पार्टी की जीत के लिए समर्पित भाव के साथ काम करना होगा। इस दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने एक जुटता के साथ अपने अपने गांव और पोलिंग बूथ पर पार्टी की जीत के लिए अभी से जुड़ जाने एवं पीएम मोदी की गारंटी की खामियों को उजागर करने की बात कही।

पूर्व मंत्री बोले- सक्रियता एवं निष्क्रियता के बीच होगा चुनाव
मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री पांसे ने कहा कि बैतूल संसदीय क्षेत्र का चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी के पिछले चुनाव में हार के बाद भी लगातार सक्रिय बने रहने एवं भाजपा प्रत्याशी डीडी ऊईक के पांच सालों के कार्यकाल में लगातार निष्क्रिय बने रहने के बीच होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद ऊईक ना तो जनता के बीच पहुंचे हैं और ना ही उनके कार्यकाल में क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात मिली हो।

छिंदवाड़ा में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित

पूर्व मंत्री पांसे ने दावा किया है कि छिंदवाड़ा में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सालों से दावा करती आई है कि वो छिंदवाड़ा में चुनाव जीतेगी। लेकिन छिंदवाड़ा की जनता के दिलों में कमलनाथ राज करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल वहां चुनाव लड़ने जाती है। इस चुनाव में भी नकुलनाथ की जीत सुनिश्चित है।

कांग्रेस से निष्कासित लोग कर रहे है भाजपा जॉइन

पूर्व मंत्री पांसे ने वर्तमान में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने के सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव के समय आना जाना लगा रहता है। कांग्रेस ने पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों को पहले ही पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब वही निष्कासित लोग भाजपा में जा रहे हैं।

विधायक का दावा जिले से कांग्रेस को मिलेगी जीत

कांग्रेस विधायक डॉ आर के दोगने ने कहा कि जिस तरह क्षेत्र की जनता ने विधानसभा चुनाव में धन बल, बाहुबल और सरकारी मिशनरी के दुरुपयोग को दरकिनार कर कांग्रेस के प्रति अपना भरोसा जताया है। ठीक उसी तरह लोकसभा चुनाव में भी जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को बढ़त मिलेगी। उन्होंने कहा कि तीस सालों से भाजपा का सांसद होने के बाद भी क्षेत्र को कोई ऐसी सौगत नहीं मिल पाई है।जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचा हो।

सम्मेलन में नहीं पहुचे पूर्व नपाध्यक्ष

भाजपा छोड़कर कांग्रेस में गए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन कार्यकर्ता सम्मेलन में दिखाई नहीं दिए। जबकि उनके द्वारा विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने को लेकर पूरे समय सक्रिय रहकर पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रत्याशी चयन को लेकर कही गई बात को गांव गांव जाकर रखा था। लेकिन लोकसभा चुनाव में उनके सक्रिय ना रहने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।