जमीनी विवाद में दो गुटों की बीच चली गोलियां, दो घायल

छतरपुर। शहर की दुर्गा कालोनी में गुरुवार को सुबह पुराने जमीन के विवाद को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान उनके बीच फायरिंग भी हुई। इस दौरान दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपितों की तलाश की जा रही है।

शहर कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, दुर्गा कालोनी में एक प्लाट पर कब्जे को लेकर दो गुटों में पिछले एक माह से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार सुबह 11.00 बजे मौके पर दोनों ही गुटों के बीच विवाद होने लगा। इस दौरान दोनों गुटों के लोग बंदूक व अन्य हथियार निकाल लाए और एक-दूसरे पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग में दो युवकों को गोली लगी है। इनमें दीपेंद्र सिंह की बांह में और दयाल शर्मा के कूल्हे के नीचे गोली लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। दोनों घायलों से घटना के बारे में पूछताछ करने के लिए पुलिस अस्पताल पहुंची है।