Yuva Congress ne CM ka putla Dahan kiya

युवा कांग्रेस ने CM का पुतला दहन किया

कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन, CM मुर्दाबाद के नारे लगाए

अनूपपुर – बुधवार को मध्यप्रदेश में कई जगह युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। अनुपपुर में जिला मुख्यालय में स्थित इंदिरा तिराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन किया। दरअसल भोपाल में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जेल भेजने के विरोध में पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा की भोपाल में चल रहे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इसके विरोध में यूथ कांग्रेस ने मध्यप्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया है। उन्होंने आरोप लगाए की मध्य प्रदेश सरकार महादेव ऐप को मध्य प्रदेश में भी लागू करना चाह रही है, जो गलत है।
अशोकनगर के अस्पताल चौराहे पर बुधवार को युवा कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन किया है। उन्होंने यह पुतला दहन एक दिन पहले कांग्रेस की ओर से भोपाल में किए गए प्रदर्शन के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी किए जाने को लेकर किया है। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी भाजपा सरकार के इशारे पर हुई है। इस दौरान पुलिस ने पुतले पर पानी डालकर आग बुझा दी।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने बताया कि एक दिन पहले प्रदेश में बेरोजगारों को ‘रोजगार दो -या गिरफ्तार करो’, महंगाई, सरकार द्वारा सदन में ऑनलाइन गेमिंग (सट्टा) को वैधानिक कर प्रदेश के शिक्षित नौजवानों में इसकी लत लगाकर उनके भविष्य को बर्बाद किए जाने को लेकर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने भोपाल में विधानसभा घेराव के रूप में प्रदर्शन किया था। तभी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री निवास बीबी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे।

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री निवास बीबी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया सहित लगभग दो दर्जन लोगों को प्रदेश की भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने गिरफ्तार कर उन्हें भोपाल के केंद्रीय जेल भेज दिया गया।

हालांकि, अभी तक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया और उनके साथ अन्य साथियों को रिहा नहीं किया गया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर युवा कांग्रेस के साथियों की रिहाई ना किए जाने के विरोध में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन अस्पताल चौराहे पर किया गया।