Wrestlers Protest से होगा भाजपा को नुकसान? यूपी जाट संघ के अध्यक्ष बोले फेडरेशन बन चुके भ्रष्टाचार के अड्डे

Wrestlers Protest: महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष और कोचों पर यौन उत्पीड़न और महासंघ के कामकाज में कुप्रबंधन के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश जाट संघ के अध्यक्ष रोहित जाखड़ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को राजनीतिक रूप से नुकसान होगा। साथ ही कहा कि फेडरेशन भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं।

यूपी जाट संघ के अध्यक्ष ने कहा कि कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह पर जो गंभीर आरोप लगे हैं। इससे शर्मनाक और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक किसान और मजदूर आदमी कड़ी मेहनत करके अपने बच्चे को खेल में जाने के लिए प्रोत्साहित करता है कि वो खेल में जाकर देश का नाम रोशन कर सके। उन्होंने कहा कि जब उस किसान और मजदूर पिता को यह पता चलेगा कि जहां उसकी बच्ची जा रही है, वहां वो सुरक्षित नहीं है तो वो अन्य किसान-मजदूर पिता किस मुंह से अपनी बच्ची को वहां भेजेगा।

मामले को देर उठाने के सवाल पर जाखड़ ने कहा कि ताकत के खिलाफ आवाज उठाना आसान काम नहीं है। इसके लिए काफी हिम्मत की जरूरत है। जिन खिलाड़ियों ने इस मामले में आवाज उठाई है। उन लोगों ने देश के गौरव को बढ़ाया है। इस दौरान उन्होंने खेल नीति पर भी सवाल उठाए। कहा कि देश में मेडल आते ही कितने हैं। यह हमारी खेलनीति का ही दुष्परिणाम है।

जाखड़ ने कहा ऐसी स्थिति में यह खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ाने का काम करते हैं। जहां इनको इन सभी विषम परिस्थितियों से होकर गुजरना पड़ता है। यह अस्मिता पर हमला है। इसको किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह बच्चे ग्रामीण आंचल के बच्चे हैं। यह वोट बैंक भारतीय जनता पार्टी का था। जो भाजपा को राजनीतिक रूप से निश्चित ही नुकसान देने वाला है। जाखड़ ने कहा कि ब्रजभूषण शरण सिंह का यह घिनौना कृत्य किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ सरकार कार्रवाई करे और यह फेडरेशन भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं। इनकी फॉरेंसिक ऑडिट हो, जो भी इसमें संलिप्त पाया जाए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

जाखड़ ने सख्त लहजे में कहा कि अगर इन खिलाड़ियों को न्याय नहीं मिला तो इस दिल्ली की छाती पर ही पंचायत होगी, लेकिन स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बता दें, दिल्ली में पहलवानों का धरना आज भी जारी है। गुरुवार देर रात (19 जनवरी) साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट, रवि दहिया सहित कई पहलवान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के आवास पर उनसे मुलाकात की। खेल मंत्री के साथ देर तक चली इस मीटिंग के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका।