राहुल गांधी पर भाजपा के हमलों से कांग्रेस को क्यों दिख रहा फायदा, भारत जोड़ो यात्रा के बाद क्या?

राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। दूसरी ओर कई कांग्रेसी पार्टी छोड़ रहे हैं। भाजपा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लगातार निशाने पर ले रही है। सात सितंबर से शुरू हुई इस यात्रा पर हर दिन किसी ना किसी मुद्दे  पर भाजपा विपक्षी कांग्रेस को घेर रही है। 

कहा जा रहा है कि कांग्रेस के कई नेता यात्रा पर भाजपा की टिप्पणी से खुश हैं। आखिर भाजपा के निशाने पर लेने से कांग्रेस को क्या फायदा हो सकता है? भारत जोड़ो यात्रा को लेकर आगे की रणनीति क्या है?

भाजपा के हमलों से कांग्रेस को क्या फायदा? 
इसे समझने के लिए हमने कांग्रेस के एक राष्ट्रीय नेता से बात की। उन्होंने कहा, ‘भाजपा जितने हमले कांग्रेस पर करती है उससे हमें कांग्रेस की विचारधारा और तमाम मुद्दों को जनता के सामने रखने का मौका मिलता है। लोग इसकी चर्चा करते हैं और उन्हें सही और गलत के बीच का फर्क मालूम पड़ता है।’

कांग्रेस नेता आगे कहते हैं, ‘भाजपा ने हमारी इस यात्रा को काफी प्रचारित करने का काम किया है। लोगों को कम से कम मालूम तो चल रहा है कि कांग्रेस इस तरह से देश के लोगों को जोड़ने के लिए यात्रा निकाल रही है। भाजपा भले सोच रही है कि वह हमारा नुकसान कर रही है, लेकिन हकीकत ये है कि वह हमारा फायदा ही कर रही है।’

भारत जोड़ो यात्रा पर आगे की रणनीति क्या होगी? 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बताते हैं कि जिस तरह से भारत जोड़ो यात्रा को लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे हमारे कार्यकर्ता और नेता सभी उत्साहित हैं। 150 दिन की यह यात्रा पूरी होने के बाद पश्चिम से पूर्वी भारत तक नई यात्रा निकाली जाएगी। नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों को इसमें शामिल किया जाएगा। अभी जो राज्य छूट रहे हैं, उन्हें भी इसमें शामिल किया जाएगा। अभी जो रणनीति है, उसके अनुसार ये यात्रा दो तरफ से निकलेगी। एक तरफ की कमान खुद राहुल गांधी संभालेंगे तो दूसरे तरफ से प्रियंका गांधी यात्रा का नेतृत्व करेंगी।