झाबुआ उपचुनाव में वोटिंग के बाद ईवीएम और दूसरा सामान पाॅलिटेक्निक कॉलेज में देर रात तक जमा किया

उपचुनाव में वोटिंग के बाद ईवीएम और दूसरा सामान पाॅलिटेक्निक कॉलेज में जमा किया गया। मतदान के लिए पेटलावद और थांदला के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। देर रात तक सामग्री जमा होती रही। चुनाव में 356 बूथ पर 2 हजार के लगभग कर्मचारियों को लगाया गया था। डेढ़ हजार के आसपास सुरक्षाकर्मी थे। अब गुरुवार को स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती होगी। इनमें पोस्टल बैलेट और कर्मचारियों के मतपत्र भी होंगे। सुबह 7 बजे तक आने वाले पोस्टल बैलेट गिने जाएंगे। इस वजह से कुल वोट की संख्या और बढ़ सकती है।

निगरानी में लगे कार्यकर्ता : स्ट्रांग रूम सील कर यहां तीन स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सबसे अंदर सीआईएसएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इन्होंने तीन तरफ से घेर रखा है। छत पर भी जवान हैं। इसके बाद वाला घेरा एसएफ जवानों का है। बाहर की ओर पुलिस की ड्यूटी लगी है। स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एक जगह स्क्रीन पर इसकी गतिविधियां देखी जा सकती है। प्रत्याशियों ने अपने कार्यकर्ताओं की ड्यूटी यहां लगाई है। रात में भी कुछ लोग यहीं रुकेंगे। पहले भी ऐसा होता रहा है।