तापमान में जबर्दस्त उतार चढ़ाव, जानिए अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम

भोपाल. इन दिनों मौसम नरम गरम बना हुआ है। तापमान में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। गुरुवार से मौसम शुष्क हो गया है जिससे न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री की गिरावट आई है। आने वाले दो तीन दिन तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है. साथ ही आगे एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। अगर उसका असर होता है तो चार पांच दिन बाद फिर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

नवम्बर की शुरुआत से शहर में सर्दी में कुछ कमी आई है। इसका कारण यह है कि लगातार हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इसके कारण शहर में पिछले तीन चार दिनों से आंशिक बादलों की स्थिति बन रही थी। गुरुवार को मौसम शुष्क रहा. साथ ही न्यूनतम तापमान में भी लगभग एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.7 और न्यूनतम 16.6 डिग्री दर्ज किया गया।

14 नवंबर के बाद फिर बढ़ सकता है तापमान
मौसम विज्ञानी और ड्यूटी ऑफिसर एसएन साहू ने बताया कि इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। फिलहाल कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। गुरुवार कुछ समय तक हवा का रुख उत्तर पश्चिमी था। आने वाले तीन चार दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है लेकिन इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ 14 नवम्बर के आसपास आने की संभावना है। इसका असर होता है तो 14 के बाद फिर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

ये होता है पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, पश्चिम से चलकर पूर्व की ओर जाने वाली मौसम की गतिविधियां है जो कैस्पियन सागर, काला सागर, ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान होते हुए भारत के उत्तरी हिस्से से गुजर कर पूर्व की ओर जाती हैं। पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से उत्तर भारत में 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश से होकर गुजरती है। पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में द्रोणिका या चक्रवात के रूप में होती है। पश्चिमी विक्षोभ के आने से हिमालय के क्षेत्र में विशेषकर बर्फबारी होती है तथा मैदानी इलाकों में वर्षा, गरज चमक की स्थिति बनती है। कभी कभी पश्चिमी विक्षोभ के पूर्व की ओर जाने के बाद या खत्म होने के बाद कोहरा भी दिखाई देता है। सामान्य तौर पर पश्चिमी विक्षोभ महीने में 5 या 6 आते हैं, कभी कभी इनकी संख्या 10 तक पहुंच जाती है।