कर्नाटक में 10 दिन में तीसरी हत्या

12 संदिग्धों को हिरासत में लिया

कर्नाटक के मंगलुरु में नकाबपोश हमलावरों ने युवक मोहम्मद फाजिलकी बेरहमी से पिटाई कर दी। उसके बाद फिर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मंगलुरु शहर के पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। CCTV से एक आरोपी की पहचान हुई है, उसकी तलाश की जा रही है। आसपास के CCTV चेक किए जा रहे हैं। जिले की नाकेबंदी कर दी गई है। आसपास के इलाकों में सर्चिंग के लिए टीमें भेजी गई हैं। पुलिस ने बताया कि फाजिल मंगलपेटे के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि चार लोग कार से आए और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों के चेहरे ढंके हुए थे। कर्नाटक में 10 दिन में ये तीसरी हत्या है। इससे पहले 26 जुलाई को दक्षिण कन्नड़ जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की गई थी। दक्षिण कन्नड़ में ही 19 जुलाई को मोहम्मद मसूद पर 8 लोगों ने हमला किया था। वहीं अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने युवा मोर्चा के नेता की हत्या की जांच NIA से कराने की सिफारिश की है। बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि हम हत्या के मामलों में सख्त एक्शन लेंगे। अब आप इसे यूपी मॉडल कहिए या फिर कर्नाटक मॉडल। गौरतलब है की बीजेपी समर्थक प्रवीण की हत्या के बाद भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के इस्तीफे जारी हैं। चिकमगलुरु और बगलकोट के भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने अपनी ही पार्टी के नेताओं की उदासीनता का विरोध करते हुए अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। प्रवीण की हत्या को लेकर दक्षिण कन्नड़ में कार्यकर्ता गुस्से हैं। हत्या का शक PFI के टेरर मॉड्यूल पर है। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने गृहमंत्री अमित शाह को लेटर लिखकर NIA से जांच कराने की मांग की है।