राजघाट पहुँची सोनिया गांधी ने कहा-कुछ लोग RSS को भारत का प्रतीक बनाना चाहते हैं, गांधी जी को हटाकर

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कांग्रेस ने गांधी संदेश यात्रा निकाली। दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस दफ्तर से राजघाट तक ये पदयात्रा निकाली। कांग्रेस पूरे देश में ‘रघुपति राघव राजा राम’ की धुन पर पदयात्रा निकाल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजघाट पर महात्मा गांधी की जयंती पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘गांधी का उद्धरण देना आसान है लेकिन उनके रास्ते पर चलना कठिन है। जो लोग उनके नाम का उपयोग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारत को उनकी शिक्षाओं से भटका रहे हैं वे सफल नहीं होंगे। भारत की नींव में गांधी के सिद्धांत हैं। कुछ लोग आरएसएस को भारत का प्रतीक बनाने और गांधी को दरकिनार करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत और गांधी एक दूसरे के पर्याय हैं लेकिन कुछ लोग चाहते हैं कि आरएसएस भारत का पर्याय बने। जो लोग झूठ की राजनीति कर रहे हैं, वे महात्मा गांधी को कभी नहीं समझ पाएंगे।’

सोनिया गांधी ने कहा, ‘जो लोग पूर्ण शक्ति चाहते हैं, वे गांधी को कभी नहीं समझ पाएंगे। आज महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। गांधी जी प्यार करते हैं, नफरत नहीं। वे लोकतंत्र के लिए हैं न कि तानाशाही के लिए। केवल कांग्रेस ने महात्मा गांधी के मार्ग का अनुसरण किया है और यह ऐसा करना जारी रहेगा। भारत में पिछले कुछ वर्षों से जो कुछ हो रहा है उससे गांधी की आत्मा पीड़ा महसूस कर रही होगी।’

राष्ट्रपिता की जयंती पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘150वीं जयंती पर महात्मा गांधी जी को मेरी श्रद्धांजलि। राष्ट्रपिता ने अपने विचार और कर्म से हमें यह बताया कि पूरी मानवता के लिए प्रेम और अहिंसा ही दमन, अत्याचार तथा घृणा को पराजित करने का एकमात्र रास्ता है।’