बाबा साहब के विचारों का विरोध करने वाले ‘संघम शरणम गच्छामि’ : सिंधिया को लेकर दिग्विजय

कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के आरएसएस मुख्यालय दौरे पर तंज कसा है। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के नागपुर दौरे पर प्रतिक्रिया में उन्हें अंबेडकर विरोधी बताया है।  

कांग्रेस के बागी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी में शामिल होने के बाद पहली बार मंगलवार 25 अगस्त को नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय पहुंचे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सिंधिया और आरएसएस की विचारधारा पर तंज कसते हुए कहा है कि अम्बेडकर विरोधी ही संघ की शरण में जाते हैं।

उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कस्ते हुए कहा है कि एक तरफ बाबा साहेब अंबेडकर के श्रद्धालु नागपुर जा कर ‘बुद्धम् शरणम् गच्छामि’ होते हैं, तो वहीं जो बाबा साहेब के विरोधी या उनके विचारों के खिलाफ होते हैं, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय में जा कर ‘संघं शरणं गच्छामि’ होते हैं।

दिग्विजय ने प्रदेश में चल रहे वर्तमान हालातों पर कहा कि पैसों के दम पर कब कौन सा विधायक खरीद लिया जाए, सत्ता के लिए किसके खिलाफ कौन सा षड़यंत्र रच दिया जाए वर्तमान राजनैतिक हालात देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी जनमत को समाप्त करना चाहती है, आगामी उपचुनावाें में जनता के सामने लोकतंत्र बचाने का बड़ा मुद्दा रहेगा, हम लोकतंत्र पर विश्वास रखते हैं, इसलिए हम जनता की आवाज बनकर मैदान में उतरेंगे।