सफाईकर्मियों के गले में हाथ डालकर चले राहुल:धर्म गुरुओं से की चर्चा; कांग्रेस बोली- संगठन कमजोर, इसलिए हुई हार

राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के छठे दिन राहुल गांधी ने सफाई कर्मियों से बात की। राहुल उनके गले में हाथ डालकर लंबी दूरी तक चले। फिलहाल यात्रा का लंच ब्रेक हो गया है और साढ़े तीन बजे से यात्रा का दूसरा चरण शुरू हाेगा।

लंच ब्रेक के दौरान प्रेस कांफ्रेंस में जयराम रमेश ने गुजरात चुनाव को लेकर केजरीवाल ओर ओवैसी पर हमला बोला। उन्होंने कहा क आप और ओवैसी की पार्टी वोट कटवा हैं।

जहां भी कांग्रेस-भाजपा में सीधा मुकाबला होता है वहां ये दोनों वोट काटने पहुंच जाते हैं। ये दोनों पार्टियां भाजपा की बी टीम हैं। गुजरात में हार के लिए रमेश ने कमजोर पार्टी संगठन को जिम्मेदार ठहराया

इससे पहले शनिवार को करीब दस किलोमीटर के सफर में अलग-अलग धर्म के गुरु भी राहुल से मिलने पहुंचे। राजस्थान के साथ देश के परिदृश्य को लेकर राहुल ने उनसे बातचीत की।

आज की यात्रा में कांग्रेस सीनियर लीडर अधीर रंजन चौधरी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, खेल मंत्री अशाेक चांदना के साथ कई मंत्री और विधायक भी चल रहे हैं। वहीं, जिला बनाने की मांग को लेकर पचपदरा विधायक आज यात्रा में नंगे पैर चलते हुए दिखाई दिए। यात्रा आज 23.50 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

इससे पहले सुबह राहुल रणथंभौर से हेलिकॉप्टर में यात्रा कैंप पहुंचे थे। शुक्रवार को सोनिया गांधी के बर्थडे के कारण राहुल ने यात्रा से ब्रेक लिया था।

12 दिसंबर को सिर्फ महिलाएं चलेंगी
भारत जोड़ो यात्रा में आज का दिन महिलाओं के लिए तय किया गया था, लेकिन अब इसे बदला गया है। अब 12 दिसंबर को राहुल के साथ केवल महिला यात्री ही चलेंगी। प्रियंका गांधी भी इस दिन यात्रा का हिस्सा होंगी। इसे महिला शक्ति पदयात्रा नाम दिया गया है।