महाकाल और नर्मदा की पूजा करेंगे राहुल गांधी, MP में 13, इंदौर में 3 दिन रहेंगे; भारत जोड़ो यात्रा का ये है रूट

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा MP में दस्तक देने जा रही है। यात्रा MP के कई शहरों से गुजरेगी। इन तमाम शहरों में यात्रा की तैयारी की जा रही है। लोगों के रुकने, खाने, ट्रांसपोर्ट सहित कई व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस नेताओं को सौंप दी गई है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन महाकाल की नगरी भी जाएगी। यहां राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।। इसके पहले राहुल गांधी साधु-संतों के साथ मप्र में प्रवेश के साथ मां नर्मदा की पूजा-अर्चना भी करेंगे। 20 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा शाम को बुरहानपुर के बोडरली गांव पहुंचेगी। यहां से 21 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा का आगाज MP की धरती पर होगा।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इंदौर जिले में 3 दिन रहेगी, जबकि प्रदेश में 13 दिन तक रहेगी। यह MP में 382 किमी का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर की शाम को आगर जिले के सुसनेर विधानसभा से राजस्थान की बॉर्डर में एंट्री करेगी। MP में राहुल गांधी की यात्रा बुरहानपुर से 35 किमी दूर इच्छापुर के पास बोडरली गांव से एंट्री करेगी। एंट्री पॉइंट पर 50 हजार से लेकर 1 लाख लोग (कांग्रेस जन व आम लोग) राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत करेंगे।

अब आपको बताते हैं कि राहुल गांधी की यात्रा का प्रदेश में कैसे आगाज होगा…

21 नवंबर को बोडरली गांव से शुरू होगी यात्रा
सुबह 6.30 बजे यात्रा बोडरली गांव से शुरू होगी। 14 किमी का सफर कर सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, जैनाबाद फाटा बुरहानपुर में सुबह 10.30 बजे रुकेगी। शाम 4 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी। करीब 9 किमी का सफर कर शाम सात बजे यात्रा ट्रांसपोर्ट नगर, बुरहानपुर पहुंचेगी। रात में यात्रा का हॉल्ट रनवे होटल बोरगांव सरदर के पहले रहेगा।

22 नवंबर की सुबह 6.30 बजे यात्रा यहां से शुरू होगी और 14 किमी का सफर कर यात्रा रुस्तमपुर, खंडवा में सुबह 10.30 बजे रुकेगी। छहगांव माखन, खंडवा में नुक्कड़ मीटिंग का भी आयोजन किया गया है। भारत जोड़ो यात्रा का नाइट हॉल्ट देशगांव, खंडवा में रहेगा।

23 नवंबर को यात्रा खेरदा, खरगोन से शुरू होगी। 13.4 किमी का सफर कर यात्रा सुबह 10.30 बजे भानबरद, खरगोन में रुकेगी। शाम 4 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी और शाम को बस स्टैंड सनावद, खरगोन के पास रुकेगी। नाइट हॉल्ट मोरटक्का गांव, खंडवा वैष्णव होटल के पास रहेगा।

इंदौर के खालसा कॉलेज में रुकेंगे राहुल गांधी
इसके बाद यात्रा मोरटक्का से बड़वाह की ओर आगे बढ़ेगी। यहां बीच में यात्रा भोजन के लिए रुकेगी। इसके बाद बड़वाह में नुक्कड़ सभा भी होगी। यहां से यात्रा आगे बढ़ेगी और सिमरोल घाट के पहले रुकेगी। यहां नाइट हॉल्ट के बाद यात्रा अगले दिन आगे बढ़कर सिमरोल तलाई नाका होते हुए तेजाजी नगर पहुंचेगी। यहां रुकने के बाद यात्रा आगे बढ़ेगी और इंदौर के कलेक्टर ऑफिस पहुंचेगी। यहां पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा खालसा कॉलेज में नाइट हॉल्ट होगा।

26 नवंबर को यात्रा इंदौर में रहेगी। हर दिन के रुकने के पड़ाव के 2 किमी पहले नुक्कड़ सभा का आयोजन किया जाएगा।

नर्मदा नदी पर संतों के साथ करेंगे पूजन
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मप्र में एंट्री करेगी। इसके बाद उनकी यात्रा बुरहानपुर से लेकर खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन से लेकर आगर मालवा और सुसनेर होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। लगभग सारी व्यवस्थाएं तय हो चुकी हैं। राहुल गांधी की टीम ने यहां के सारे पॉइंट देखे हैं।

यह तय हो चुका है कि राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और यहां पर उनकी जनसभा भी होगी। इसके पहले यात्रा के दौरान जब वे सनावद से बड़वाह आएंगे उस वक्त सुबह का वक्त होगा और राहुल गांधी जी पुल पर से (मोरटक्का पुल) से साधु-संतों के साथ नर्मदा मां के दर्शन कर वहीं से पूजन करेंगे।