राज्य सरकार का बड़ा फैसला, यूनिफॉर्म, किताब के बाद अब स्लेट-पेंसिल और रबर बांटने की तैयारी

जबलपुर.शासकीय स्कूलों में यूनिफार्म और किताबों के बाद अब छात्रों को स्लेट पेंसिल उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य शिक्षा केंद्र के माध्यम से कक्षा एक और दो में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं में वितरण होगा। इससे जिले के करीब 28 हजार बच्चे लाभांवित होंगे। पहली कक्षा के करीब 13 हजार और दूसरी के करीब 15 हजार छात्र-छात्राएं हैं। प्रत्येक छात्र पर 70 रुपए के हिसाब से करीब 20 लाख की राशि खर्च की जाएगी।

बच्चे इससे गणित और हिन्दी जैसे विषयों का अभ्यास कर सकेंगे। इस सम्बंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने प्रदेश के सभी जिला परियोजना समन्वयकों को आदेश जारी कर दिए हैं। शासकीय स्कूलों में पहली और दूसरी कक्षा में किताब से बच्चों को अभ्यास कराया जाता है। स्लेट के माध्यम से अभ्यास कराने का निर्णय लिया है। इसका मकसद दक्षता बढ़ाने के साथ लेखन कौशल और पाठ्यपुस्तकों में दी गई गतिविधियों के अभ्यास कराना है।

12 रंगीन पेंसिल, 5 रबर, 5 नग सामान्य पेंसिल
जानकारों के अनुसार स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के माध्यम से खरीदी की जाएगी। बच्चों को फाइबर बोर्ड की 1 स्लेट, 1 पैकेट स्लेट पेंसिल, 12 रंगीन पेंसिल, 5 रबर और 5 नग सामान्य पेंसिल भी दी जाएंगी। स्कूलों में खरीदी से लेकर वितरण की पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।

इस सम्बंध में राज्य शिक्षा केंद्र से दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। पहली बार यह किया जा रहा है। कक्षा एक और दो में विद्यार्थियों की संख्या की रिपोर्ट मांगी गई है। राशि स्वीकृति की कार्रवाई जल्द शुरू की जा रही है।
डीके श्रीवास्तव, सहायक परियोजना समन्वयक