राहुल के साथ प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा भी चले:भांजी मिराया भी यात्रा में हुई शामिल, पौने 2 घंटे की देरी से शुरू हुई थी यात्रा

राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का सातवां दिन रविवार शाम करीब सात बजे पूरा हुआ। बूंदी के लाखेरी में यात्रा पहुंची है। दूसरे चरण में रविवार शाम को राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी चल रहे थे। इनके साथ राहुल की भांजी और प्रियंका की बेटी मिराया भी थीं। वो भी कदम से कदम मिलाकर यात्रा में चल रही थीं। राहुल गांधी की यात्रा का ईवनिंग फेज पौने दो घंटे की देरी से शुरू हुआ था। पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग से यात्रा लाखेरी तक 6.5 किलोमीटर का सफर तय किया। आज यात्रा कुल 19 किलोमीटर चली।

इससे पहले सुबह के फेज में राहुल अचानक हाईवे किनारे बने एक घर में घुस गए। तब यात्रा बूंदी जिले के देहिखेड़ा गांव से गुजर रही थी। घर में 8 साल की बच्ची अक्षिता मिली। बचपन से ही उसकी गर्दन टेढ़ी है। राहुल ने फौरन मंत्री अशोक चांदना को बुलवाया। बच्ची का इलाज करवाने के लिए कहा। राहुल ने बच्ची की मां ममता गोचर से कहा कि इस बीमारी की एक थेरैपी होती है, जिससे इसे आराम मिलेगा। यह ठीक हो जाएगी। राहुल ने अक्षिता और उसके भाई को चॉकलेट भी दी।

राहुल गांधी के शिमला दौरे के कारण रविवार की शाम की यात्रा में देरी हो गई है। 3.30 बजे शुरू होने वाली यात्रा शाम पौने पांच बजे तक शुरू नहीं हुई थी। राहुल गांधी कुछ देर में पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचने वाले थे। शाम को अब यात्रा लाखेरी तक 5 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

भारत जोड़ो यात्रा को लाखेरी के पास पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग को पार करके शुरुआती प्वाइंट रखा गया है। पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग मुंबई-दिल्ली रूट पर होने के कारण औसतन हर 20 मिनट में एक ट्रेन गुजरती है। अगर यात्रा को क्रॉसिंग से पार करवाया जाता तो ट्रेन गुजरने का समय हो जाता। ट्रेन रोकने में कई तरह की तकनीकी दिक्कतें थीं। इसलिए यात्रा को पापड़ी रेलवे क्रॉसिंग को पार करके आगे से शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट करीब एक साल बाद एक साथ हिमाचल प्रदेश गए। दोनों नेता आज हिमाचल में नई सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए चार्टर प्लेन से गए थे। रविवार की यात्रा के लंच ब्रेक में राहुल-प्रियंका के साथ सवाई माधोपुर से शिमला के लिए रवाना हुए थे।

राजस्थान में आज राहुल की यात्रा का सातवां दिन है। इस बीच गहलोत-पायलट के एकसाथ सफर को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है। बूंदी के कापरेन से पहले गहलोत और पायलट एक ही हेलिकॉप्टर में सवार होकर जयपुर पहुंचे। जयपुर से चार्टर प्लेन में दोनों दिल्ली और फिर शिमला साथ-साथ गए।

यात्रा के लंच ब्रेक के दौरान कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गहलोत-पायलट खेमों के बीच सियासी सीजफायर जारी रहने का दावा किया है। पायलट और गहलोत के साल भर बाद एक ही प्लेन से शिमला जाने को एकता की कोशिश से जोड़ने के सवाल पर जयराम रमेश ने कहा कि यह कोशिश नहीं हकीकत है, हम एक हैं।

भारत जोड़ो यात्रा से नया माहौल आया है, हम एक हैं। एक संगठन के सदस्य है। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी ने कहा था कि हमारे दोनों एसेट हैं। गहलोत अनुभवी हैं, वरिष्ठ नेता। सरकार और संगठन में बड़े पदों पर रहे हैं। पायलट युवा और ऊर्जावान नेता हैं। संगठन को दोनों की जरूरत है। आप जो देख रहे हैं वह कोई दिखावा नहीं है, यह असलियत है। मैं यकीन दिलाता हूं कि यह बरकरार रहेगा।

बता दें इसी साल 25 सितंबर को हुए सियासी विवाद के बाद से दोनों नेताओं के बीच तल्खी बढ़ हुई है। कुछ दिनों पहले गहलोत ने एक इंटरव्यू के बाद पायलट को गद्दार तक कह दिया था। इसके बाद दोनों के बीच की खाई और गहरी हो गई।

हालांकि, राहुल की यात्रा के राजस्थान में एंट्री से पहले कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने दोनों नेताओं के हाथ एक साथ उठवाकर सियासी सीजफायर का मैसेज देने की कोशिश की थी।