ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी

नई दिल्ली। गुरुवार होने की वजह से आज शेयर बाजार में वीकली एक्सपायरी का दिन है। लेकिन आज ग्लोबल मार्केट से शेयर बाजार के लिए अच्छे संकेत मिल रहे हैं। एशिया के ज्यादातर शेयर बाजारों में बढ़त की स्थिति बनी हुई है। वहीं अमेरिकी बाजार ने भी कल शानदार रिकवरी करके कारोबार का अंत किया था। बुधवार के कारोबार में डाओ जोंस 435.98 अंक यानी 1.4 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था। वहीं नैस्डेक भी 2.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 11,791.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।

बुधवार के कारोबार में डाओ जोंस शानदार तेजी दिखाते हुए 31,581.28 अंक पर बंद हुआ था। वहीं एस एंड पी-500 इंडेक्स 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,979.87 अंक के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ था। अमेरिकी शेयर बाजार में 7 दिन की सुस्ती के बाद बुधवार को पहली बार तेजी का माहौल बना था। अमेरिकी बाजार में एयरलाइंस सेक्टर के शेयरों में 5 प्रतिशत की तेजी बनी रही। वहीं नेटफ्लिक्स के शेयर में 2.5 प्रतिशत से अधिक और अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट तथा अल्फाबेट के शेयरों में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।

अमेरिकी बाजार की तेजी का असर आज एशियाई बाजारों पर भी पड़ा। आज शुरुआती कारोबार में निक्केई, हेंग सेंग, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स और कोस्पी में लगातार तेजी बनी हुई है। अमेरिकी बाजार की कल की तेजी और एशियाई बाजारों में आज सुबह से जारी मजबूती का असर भारतीय शेयर बाजार में भी साफ साफ नजर आ रहा है। भारतीय शेयर बाजार भी पिछले 2 दिन की गिरावट से उबर कर आज सुबह से ही मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है।