महाराष्ट्र चुनाव: भाजपा का एक प्रत्याशी 441 करोड़ का मालिक

मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा ने अपने चुनाव हलफनामे में 441 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में दक्षिण मुंबई की मालाबार हिल सीट से 5 बार के विधायक लोढा लगातार छठी बार चुनाव मैदान में हैं। हलफनामे के मुताबिक लोढा और उनकी पत्नी के पास 252 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 189 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।

विधायक के पास एक जगुआर कार और बांड एवं शेयर में अन्य निवेश हैं। लोढा का परिवार रियल इस्टेट के व्यवसाय में है और दक्षिण मुंबई में उनके 5 फ्लैट हैं। उनका राजस्थान में एक प्लॉट भी है। लोढा और उनकी पत्नी के पास मालाबार हिल इलाके में भी एक मकान है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास एक अन्य फ्लैट और दक्षिण मुंबई में एक व्यावसायिक संपत्ति भी है। हलफनामे के मुताबिक लोढा पर 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे नितेश : नारायण राणे
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने बुधवार को कहा कि उनके पुत्र नितेश राणे विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर कंकावली सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके पुत्र का नाम भाजपा की दूसरी सूची में होगा।

नितेश राणे ने 2014 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सिंधुदुर्ग जिले की कंकावली सीट से तत्कालीन भाजपा विधायक प्रमोद जठार को हराकर चुनाव जीता था। राणे ने उनकी ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी’ के भाजपा में विलय होने की अटकलों पर कहा, ‘इसके एक सप्ताह में होने की संभावना है।’ नारायण राणे 2005 तक शिवसेना में थे, उसके बाद 2017 तक कांग्रेस के साथ रहे, फिर उन्होंने अपना राजनीतिक संगठन बनाया और सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी बन गए। वर्तमान में भाजपा के टिकट पर राज्यसभा सदस्य हैं।