भोपाल। मप्र की राजधानीभोपाल में पांच महीने बाद शुरू हुईं लो-फ्लोर बसों के चलने के पहले जमकर हंगामा हुआ। ड्राइवर वेतन की मांग को लेकर अड़ गए। करीब आधे घंटे तक भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) प्रबंधन और ड्राइवरों के बीच बहस हुई। दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद सुबह करीब साढ़े 8 बजे के बाद बसें शुरू हो गईं।
पीआरओ संजय सोनी ने बताया कि बस को हर राउंड के बाद सैनिटाइज किया जाएगा। बस में सिर्फ मास्क पहनने वाले यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा। बसों में पूरी क्षमता से यात्रियों को बैठाया जाएगा।
हालांकि इस बार कान्टेक्ट लैस टिकटिंग की व्यवस्था की है। इसमें यात्रियों को मोबाइल फोन पर ही टिकट मिल जाएगा। इससे यात्रियों को कंडक्टर से किसी तरह का संपर्क नहीं होगा। बीसीएलएल ने चलो एप के माध्यम से चलो बस कार्ड, मोबाइल टिकिट ऑन चलो एप, सुपर सेवर प्लान ऑन चलो एप, क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी। यात्री बस में चढ़े और सीट पर जाकर बैठ जाएं।
करीब पांच महीने बाद चल रही लो फ्लोर बस में पहले दिन बहुत कम यात्री मिले। किसी राउंड में 1 तो किसी में दो से तीन यात्री ही बैठे। यह स्थित सुबह करीब 11 बजे तक इसी तरह रही, हालांकि इसके बाद कुछ यात्रियों की संख्या जरूर बढ़ गई। लोग अभी सार्वजनिक रूप से यात्रा करने में थोड़ा कतरा भी रहे हैं।