महज़ 10 महीने में लवली ने BJP को कहा अलविदा, कांग्रेस में हुई ‘घर वापसी’

नई दिल्ली। दिल्ली की शीला दीक्षित सरकार के मंत्री रहे अरविंदर सिंह लवली करीब दस महीने बाद फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पहुंचे लवली ने दोबारा कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। उन्होंने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष अजय माकन के नेतृत्व से रुठकर बीजेपी में शामिल होने का फैसला लिया था। वापसी के बाद की उनकी पहली तस्वीरें माकन के साथ की ही आई हैं।

अरविंदर सिंह लवली बीते साल नगर निगम चुनाव से पहले अप्रैल महीने में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। उनके बीजेपी में शामिल होने के पीछे की वजह अजय माकन को बताया गया था। दरअसल दोनों के बीच टिकट बंटवारे को लेकर अनबन हो गई थी। इसी के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था।

शीला दीक्षित की सरकार के प्रमुख मंत्रियों में शामिल रहे लवली ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी खत्म हो रही है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए.के. वालिया द्वारा एमसीडी चुनाव में टिकट बेचे जाने के आरोप के विषय को उठाया था।

आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले लवली ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनकी कांग्रेस में वापसी के कयास लगाए जा रहे थे। आपको बता दें कि लवली दिल्ली के गांधीनगर से कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं। पार्टी के लिए उन्होंने शिक्षा मंत्री जैसा महत्वपूर्ण पद भी संभाला है। इसके साथ ही उन्हें कांग्रस में एक बड़े सिख चेहरे के तौर पर जाना जाता था।