केन्द्र सरकार ने रोक दी आदिवासियों की बिजली, पानी, सड़क की राशी, विकास कार्य हुआ ठप : कांतिलाल भूरिया

झाबुआ. केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि रोकने के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में सुबह 11 बजे से 2 बजे तक कलेक्टर कार्यालय में धरना दिया।

विधायक कांतिलाल भूरिया ने केंद्र सरकार पर प्रदेश सरकार का हक मारने एवं यहां रहने वाले आदिवासियों भाइयों के बिजली, पानी, सड़क का पैसा रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पैसा गरीबों का पैसा किसानों का पैसा रोकने पर नरेंद्र मोदी से सीधी लड़ाई शुरू हो चुकी है। बारिश के कारण फसलें चौपट होने से 39 जिलों के किसानों को नुकसान हुआ है। आदिवासियों के मकान गिर गए। पुल-पुलिया टूट गई। सड़कें उखड़ गईं। केंद्र में 7072 करोड़ रुपया राज्य सरकार का है। केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश का हक छीना जा रहा है। हम प्रदेश में रहने वाले किसानों और नौजवानों का हक के लिए धरना दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी विदेशों में घूम रहे हैं। देश की हालत नहीं देख रहे।

नोटबंदी के कारण सारे लोगों को उद्योग धंधों को किसानों को व्यापारियों को नुकसान हुआ है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है। कमलनाथ सरकार काम करने के प्रयास कर रही है , लेकिन केंद्र सरकार से दिए जाने वाली राशि रोक ली। 6 सालों में मोदीजी ने एक बेरोजगार को भी नौकरी पर नहीं लगाया। जबकि हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। पढ़े-लिखे लोगों को पकोड़े तलवाने के लिए कहना पढ़े लिखे लोगों का अपमान है। थांदला पेटलावद अलीराजपुर जोबट रहने वाले हमारे लोग गुजरात जाकर रहने को मजबूर है। जब दिल्ली में कांग्रेस सरकार थी तो हम बहुत सारे राहत कार्य चलाते थे। कई गांव की स्कूलों में ताले लग चुके हैं। शिक्षकों का अभाव है।

शिवराज केंद्र से दिया पैसा गायब कर गए
विधायक भूरिया ने कहा दिल्ली में हमारा पैसा पड़ा है। जिस पर हमारा हक है और हम हमारा हक लेकर रहेंगे। 14 दिसंबर को दिल्ली में लोकसभा घेरने के लिए पूरे देश से 40 से 50 लाख लोग दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर चुके हैं। यह लोग सांसद का घेराव करेंगे और मोदी से जवाब मानेंगे कि मप्र के हिस्से का 7 हजार72 करोड़ रुपए क्यों नहीं दिया। कांग्रेस सरकार थी तब शिवराज केंद्र से दिया पैसा गायब कर गए। प्रदेश के लिए कोई कार्य नहीं हुए। 15 साल में एक स्कूल तक नहीं खोली एक अस्पताल भी नहीं खुला कोई रोजगार नहीं दिया।

कोई तालाब कोई नहर नहीं बनाई
विधायक भूरिया ने कहा आलीराजपुर , जोबट , थांदला में कॉलेज, माही परियोजना सब कांग्रेस की देन है। जो यहां पर लोग खेती कर रहे हैं। वह कांग्रेस की देन है। यहां पर भारतीय जनता पार्टी ने कोई तालाब, नहर नहीं बनाई। मोदी जी ने ग्यारह सौ करोड़ रुपया सिर्फ विदेश घूमने में खर्च किया। पैसा सही जगह खर्च होता तो देश की आधी समस्या हल हो जाती। भूरिया भाषण दे रहे थे तभी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालने की तैयारी कर ली।भूरिया ने अपना भाषण खत्म किया और दोपहर 2 बजे कलेक्टर को ज्ञापन देने के लिए रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार तक पहुंचे और कलेक्टर प्रबल सिपाहा को ज्ञापन सौंपा। धरना देने विधायक कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में पेटलावद विधायक वाल सिंह मेड़ा, निर्मल मेहता, रूप सिंह डामोर, हेमचंद डामोर, मन्नू डोडियार, चंद्रवीर लाला, वीरेंद्र मोदी, साबिर फिटवेल, हर्ष भट्ट, नामदेव आचार्य, नितेश डामोर, आशीष भूरिया, गुरु प्रसाद अरोड़ा, विनय भाबर आदि उपस्थित थे।