मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने कहा- देश को बांटने वालों को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे

देश को बांटने व तनाव पैदा करने वाली ताकतों को सत्ता से उखाड़ फेंकने की जरूरत है। आज जो माहौल पूरे देश में बनाया जा रहा है, उससे न केवल हमारी राष्ट्रीय एकता व अखंडता को खतरा है, बल्कि लोकतंत्र भी असुरिक्षत हो गया है। यह बात मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नागपुर जिले के विभिन्न इलाकों में प्रचार करते हुए कही।

सीएम ने चुनावी सभाओं में कहा कि आज देश में लोकतंत्र मजबूत है तो उसके पीछे कांग्रेस ही है। पूरा विश्व भारत की अनेकता में एकता की ताकत को जानता है। यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जिसके ऊपर आज खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस की कथनी, करनी में अंतर नहीं है। वह बांटने की नहीं, जोड़ने की राजनीति में विश्वास करती है। वह जुमलों की नहीं, हकीकत की राजनीति करती है। महाराष्ट्र की जनता चुनाव में खोखले राष्ट्रवाद के बहकावे में न आए।

कमलनाथ ने मप्र में कांग्रेस सरकार बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने प्रदेश को आर्थिक रूप से जर्जर बना दिया, इसके बावजूद पिछले नौ महीने में विकास की गति को तेज किया गया है। किसानों को राहत दी गई और नौजवानों को रोजगार के अवसर मिलें, इसके लिए निवेशकों का विश्वास हासिल किया है।