कमलनाथ बोले-सरकार नशे में, कैसे करेंगे नशाबंदी, कांग्रेस-कमलनाथ को नहीं, सच्चाई का साथ दीजिए

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को जबलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पनागर विधानसभा में जनसमूह को संबोधित किया। यहां पनागर विधानसभा से चुनावी सभा का आगाज करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा- आप कांग्रेस और कमलनाथ को वोट मत दीजिए। आप सिर्फ सच्चाई का साथ दीजिए। ​​​​कमलनाथ ने कहा कि आप तस्वीर सामने रख लीजिए। सच्चाई का पता लग जाएगा कि आखिर जनता का हितैषी कौन है और कौन नहीं।

कमलनाथ की इस जनसभा को चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। आठ विधानसभा की सीट जबलपुर में चार विधायकों ने पिछले चुनाव में अपना पताका फहराया था।

कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खुद नशे में है। वो कौन सा नशाबंदी करेगी। भाजपा सरकार नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। भाजपा सरकार की नीति से हर वर्ग परेशान हो चुका है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद श्रीवास्तव ने 51 किलो फूलों की माला पहनाकर कमलनाथ का स्वागत किया।

कांग्रेस पार्टी ने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया था, लेकिन भाजपा ने हमारी सरकार गिरा दी। हमने वचन पत्र में किसानों का कर्जा माफ करने का ऐलान किया था। इसे हम पूरा कर रहे थे। आगामी चुनाव के लिए हम फिर वचन पत्र ला रहे हैं। इसके लिए सुझाव मांगे जा रहे हैं।

कांग्रेस सरकार में महाकौशल को तवज्जो दी गई थी

कांग्रेस सरकार में महाकौशल को खास तवज्जो दी गई थी। यहां से चार मंत्री थे। स्पीकर से लेकर डिप्टी स्पीकर तक महाकौशल से बनाया गया था। साथ ही, कैबिनेट की मीटिंग भी महाकौशल में पहली बार की गई थी। जनसभा में 7 जनपद सदस्यों ने विनोद श्रीवास्तव के साथ कांग्रेस जॉइन की है। इसके अलावा पार्षद राजेश यादव कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

जानिए, 2018 में क्या हुआ

2018 में पनागर विधानसभा से सम्मति सैनी को कांग्रेस ने टिकट दी थी, लेकिन उन्हें हार झेलनी पड़ी। वे तीसरे नंबर पर थे। आज भी पनागर से विधायक की दावेदारी कई नेताओं ने ताल ठोंकी है। कांग्रेस के महासचिव विनोद श्रीवास्तव ने तो अधारताल से लेकर मंच कमलनाथ के साथ वाले बैनर पोस्टर लगा डाले।

कार्यक्रम में पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक विनय सक्सेना,महापौर जगत बहादुर अन्नू, पूर्व विधायक निलेश अवस्थी, कांग्रेस प्रदेश महासचिव विनोद श्रीवास्तव, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, मंडला और डिंडोरी से आए विधायक भी मंच पर आसीन रहे।