पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया, हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना

भोपाल. अभा कांग्रेस के निर्देश पर आज देश भर में कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी तारतम्य में मप्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी द्वारा इस अभियान का शुभारंभ राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा के मुगालिया छाप से किया गया। कमलनाथ सुबह 11 बजे ग्रामीण क्षेत्र मुगालिया छाप पहुंचे और वहां स्थित हनुमान जी के मंदिर में पूर्जा अर्चना की, तत्पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल द्वारा आयोजित कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ों अभियान का शुभारंभ एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए किया। अभियान के शुभारंभ मौके पर श्री नाथ ने ग्राम के बुर्जुगों का शॉल श्रीफल से सम्मान किया।

श्री नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि अपने देश की संस्कृति जो कि दिल, संबंध और रिश्ते जोड़ने की संस्कृति है, उस संस्कृति पर बड़ा हमला किया जा रहा है, धर्म जाति अथवा भाषा के नाम पर समाज को बरगलाने का और ध्यान मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाला चुनाव हमारी संस्कृति और हमारे संविधान की रक्षा करने का अवसर है। आप सबके सामने यह एक बड़ी जिम्मेदारी है कि कैसा देश और कैसा प्रदेश हम आने वाली पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं।

श्री नाथ ने कहा कि 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब ऐसा प्रदेश मेरे हाथों में सौंपा गया था जो बेरोजगारी में नंबर वन, किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, कुपोषण में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन था। हमने नए सिरे से शुरुआत करने का प्रयास किया था, किसानों को सस्ती बिजली देने का कार्य किया, किसानों का कर्जा माफ किया, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी, मैंने प्रयास किया था कि मध्यप्रदेश की एक नई पहचान बनाई जाए, मेरा मानना था कि मध्यप्रदेश की पहचान मिलावट से नहीं हो सकती, माफिया से नहीं हो सकती।

नाथ ने कहा कि 18 साल में शिवराज सिंह जी इस प्रदेश को आखिर दिया क्या है, बेरोजगारी दी, किसानों पर लाठिया दी, भ्रष्टाचार दिया और पूरे प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया। जहां देखो वहीं महिला, युवतियां और बच्चियां अपराधियों का शिकार हो रही हैं। दुष्कर्म की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। शिवराज जी बड़ी-बड़ी बाते करते हैं, उनको तो कलाकारी करने मुंबई चले जाना चाहिए।

श्री नाथ ने कहा कि प्रदेश भर में ज्यादा से ज्यादा लोग इस अभियान का हिस्सा बनें। आज प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं, भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है। आप सब सच्चाई का साथ दीजिये, यदि सच्चाई को आपने समझ लिया तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस का झंडा विधानसभा में लहरायेगा और प्रदेश की एक नई पहचान बनेगी, प्रदेश के भविष्य का नया इतिहास लिखा जायेगा।

इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, प्रकाश जैन, अशोक सिंह, पी.सी. शर्मा, मुकेश नायक, श्रीमती विभा पटेल, श्रीमती आभा सिंह, के.के. मिश्रा, जे.पी. धनोपिया, भूपेन्द्र गुप्ता, सुश्री संगीता शर्मा, दीप्ति सिंह, संतोष सिंह परिहार, कैलाश मिश्रा, अरूण श्रीवास्तव, जितेंद्र डागा, विष्णु विश्वकर्मा, संतोष कंसाना, राजकुमार सिंह, नरेश ज्ञानचंदानी, विक्रम चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे। श्री नाथ को सुनने दूर दराज से लोग आये और बड़ी संख्या में स्थानीय जनसैलाब उमड़ा।