झाबुआ में कांतिलाल भूरिया बने है छठी बार विधायक

झाबुआ विधानसभा के लिए हुए उप चुनाव में गुरुवार को जनमत आ गया। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया झाबुआ के 11वें विधायक चुन लिए गए। इसके साथ ही वे छठी बार विधायक बने हैं। पूर्व में पांच बार थांदला से विधायक रह चुके हैं। पांच माह पूर्व हुए लोकसभा चुनाव में करारी हार झेलने के बाद उन्होंने जबर्दस्त वापसी की।

शाम 4 बजे तक चले कुल 26 राउंड में कांतिलाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के भानू भूरिया को 27 हजार 804 मतों से हरा दिया। कांतिलाल को 96 हजार 155 मत मिले। वहीं भानु को 68 हजार 351 मत प्राप्त हुए। हालांकि कांतिलाल भूरिया को यह मलाल जरूर रहेगा कि वे अपने ही वार्ड में ९३ वोट से हार गए। जीत के बाद कांतिलाल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र का विकास होगी।

निर्धारित समय सुबह 8 बजे मतगणनास्थल पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतों की गणना शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। इसी बीच साढ़े 8 बजे से ईवीएम से गणना प्रारंभ की गई। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल ने पहले राउंड से बढ़त बनाई तो आखिरी तक कायम रखी। हर राउंड के साथ उनकी लीड़ बढ़ती चली गई। सिर्फ 7वें और 11वें राउंड में ही भानु मामूली बढ़त ले पाए। पर इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ा। मतदाताओं का फैसला अपने पक्ष में आते देख दोपहर करीब 2 बजे कांतिलाल मतगणनास्थल पहुंचे। यहां स्थिति का जायजा लिया और एक घंटे बाद रवाना हो गए। वहीं, भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया पूरे समय गणनास्थल पर ही मौजूद रहे। शाम को निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने कांतिलाल को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा।

मतगणना के बीच में भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर प्रबल सिपाहा को पुर्नमतगणना के लिए आवेदन दिया। इसमें कारण का उल्लेख नहीं था। निर्वाचन अधिकारी ने आवेदन पर लिखा ठोस वजह न होने से आवेदन अस्वीकृत किया। जाता है।

जीत की घोषणा होने से पहले ही निकाल दिया जुलूस, जमकर उड़ाया गुलाल, आतिशबाजी की
प्रारंभिक रुझान कांगे्रस के पक्ष में आने के बाद मतगणनास्थल पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में गुरुवार दोपहर में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। हर कार्यकर्ता यह जानने को उत्सूक था कि आखिर कांतिलाल भूरिया कितने मतों से विजय हुए हैं। जब लगा कि भूरिया निर्णायक बढ़त ले चुके हैं तो उनके समर्थक बैंड-बाजे लेकर मतगणनास्थल के बाहर पहुंच गए। यहां जमकर गुलाल उड़ाया और आतिशबाजी की गई। अंतिम घोषणा होने से पहले ही बैंड व ढोल-ताशे पर पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर से विजय जुलूस निकाला दिया। जुलूस में नए विधायक कांतिलाल भूरिया खुली जीप में जनता का अभिवादन करते चल रहे थे। जगह-जगह लोगों ने अपने नए विधायक का फुलमाला पहनाकर अभिनंदन किया। पूरी सड़के गुलाल से पट गई।

गणना के दौरान एक ईवीएम बंद हुई तो वीवीपैट से की मतों की गिनती
19वें चरण के मतों की गणना के दौरान टेबल क्रमांक 6 पर मतदान केंद्र 258 करवा दी की ईवीएम बंद हो गई। ऐसे में बाद में वीवीपैट की स्लीप से मतों की गणना की गई। इसमें कांतिलाल भूरिया को 248 मत मिले तो भानु को महज 63 मत प्राप्त हुए।

झाबुआ शहर भी भाजपा को इस बार बड़ा नुुकसान झेलना पड़ा। यहां के 18 वार्ड में कुल 34 मतदान केंद्र लगते हैं। भाजपा को उम्मीद थी कि झाबुआ में 4 हजार मतों के बढ़त लेंगे। यह आंकड़ा केवल 631 पर आकर सीमट गया। झाबुआ शहर में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को 7 हजार 745 मत और भाजपा के भानु भूरिया को 8 हजार 376 मत प्राप्त हुए। शहर में भाजपा को नुकसान की एक बड़ी वजह भाजपा सांसद गुमानसिंह डामोर द्वारा राजबाड़ा मित्र मंडल के शरद पूर्णिमा उत्सव को लेकर दिया एक बयान भी रहा। उन्होंने इस धार्मिक कार्यक्रम को कांग्रेस का बता दिया था। जबकि मंडल सालों से यह आयोजन करता आ रहा है। ऐसे में शहर में एक विरोध की लहर चल पड़ी और जिसका खामियाजा भाजपा को उठाना पड़ा।

अपने गृह वार्ड में हारे कांतिलाल-
कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया गोपाल कॉलोनी में निवास करते हैं। उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 92 पर परिवार सहित मत डाला था। यहां उन्हें 236 मत प्राप्त हुए। जबकि भाजपा के भानु को 290 मत मिले। वहीं इसी क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रं. 93 पर कांतिलाल को 175 मत मिले। जबकि भाजपा के भानु को 214 मत प्राप्त हुए। यदि दोनों केंद्रों की स्थिति देखी जाए तो अपने ही क्षेत्र में कांतिलाल को 93 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
गृह ग्राम मोरडूंडिया व पास के गांव ढडोरी में जीते कांतिलाल : कांतिलाल भूरिया के गृह ग्राम मोरडूंडिया में एक मतदान केंद्र 267 था। इस केंद्र पर कांतिलाल को 428 मत मिले, जबकि भानु को महज 46 मत मिले। यहां कांतिलाल ने 382 मतों की लीड ली। चुनाव प्रचार के दौरान मोरडूंडिया से ही लगे गांव ढढोरी में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रात बिताई थी। इस गांव के केेंद्र 268 पर कांतिलाल को 129 और भानु को 128 मत मिले।
अपने गृह ग्राम दौतड़ में एक बूथ हारे भानु : भाजपा प्रत्याशी भानु भूरिया के ग्रह ग्राम दौतड़ में तीन मतदान केंद्र 209, 210 व 211 लगते हैं। इनमें से केंद्र क्रमांक 209 व 210 पर पर भानु ने जीत हासिल की तो 211 में कांतिलाल आगे रहे। तीनों बूथ पर भानु को कुल 8 50 मत मिले। वहीं कांतिलाल को 408 मत मिले। इस लिहाज से भानु अपने गांव में 442 मतों से आगे रहे।

पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा के गांव में कांग्रेस रही आगे : कांग्रेस के पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा के गृह ग्राम कुंडला के मतदान केंद्र 126 व 127 पर कांतिलाल को 596 मत मिले, जबकि भानु को 223 मत मिले।
कल्याण के गांव में भाजपा तीसरे स्थान पर: भाजपा के बागी एवं निर्दलीय प्रत्याशी कल्याणसिंह डामोर के गृह गाम तलावली में भूरिया को 422 मत, कल्याणसिंह को 354 और भानु को महज 281 मत मिले।