इस बार जिले में हुई औसत से 27 इंच अधिक बारिश, अब नहीं होगी अब रबी सीजन में नहीं हाेगी पानी की कमी

जिले में औसत से 27 इंच अधिक बारिश दर्ज हुई है। जिले की औसत बारिश 35.1 है। जबकि गुरुवार तक की स्थिति में जिले में 62 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि गत वर्ष औसत से 4 इंच कम बारिश दर्ज की गई थी। इस बार जिले में सर्वाधिक बारिश कट्ठीवाड़ा विकासखंड में 91.1 इंच और उदयगढ़ में सबसे कम 50.2 इंच दर्ज की गई है।

जबकि आलीराजपुर में 62.4 इंच, जोबट में 51.2 इंच, चंद्रशेखर आजाद नगर में 58.5 इंच और सोंडवा में 58.8 इंच बारिश दर्ज की गई। गौरतलब है कि इस बार रिकार्डतोड़ बारिश होने से जिले में नदी नाले भी कई मर्तबा उफान पर रहे और जिले के सभी विकासखंडों में कुंए, तालाब, बावड़ी, पोखर आदि भी लबालब भर गए। वहीं भूजलस्तर में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई जिले के हर विकासखंड में बारिश का आंकड़ा 50 इंच के पार हाे गया।

जिले से मानसून हुआ विदा, फिर भी थोड़ी बारिश की संभावना

हालांकि अक्टूबर के पहले सप्ताह में जिले से मानसून लगभग विदा हो चुका है, लेकिन अगले दो चार दिन में हल्की फुल्की बारिश होने की संभावना मौसम विशेषज्ञ जता रहे हैं।

जिले के 6 विकासखंड़ों में बारिश की स्थिति

विकासखंड अब तक गत वर्ष

आलीराजपुर 62.4 30.1

जोबट 51.2 26.7

उदयगढ़ 50.2 26.3

चशेआ नगर 58.5 25.7

कट्ठीवाड़ा 91.1 57.1

सोंडवा 58.5 20.4

कुल 62 31

जिले का औसत 35.1 इंच, अब तक हो चुकी है 62 इंच बारिश

गौरतलब है कि इस बार मानसून सीजन में जिले में औसत से 27 इंच अधिक बारिश हुई है। जिले की औसत बारिश 35.1 इंच है। जबकि अब तक संपूर्ण जिले में 62 इंच बारिश हो चुकी है। वहीं पिछले साल के मुकाबले इस साल जिले में 31 इंच अधिक बारिश दर्ज हुई है। जिले में अत्यधिक बारिश का फायदा आगामी रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए और गर्मी के मौसम में सभी लोगों को मिलेगा। इस बार जिले में कहीं भी जलसंकट जैसी स्थिति नही बनेगी।

और इधर…. सड़कों को हुआ नुकसान

इस मानसून सीजन में आलीराजपुर शहर सहित कट्ठीवाड़ा, सोंडवा, चंद्रशेखर आजाद नगर, उदयगढ़ और जोबट विकासखंड के विभिन्न प्रमुख पहुंच मार्ग और सड़कों का नुकसान हुआ है। अधिकांश सड़कों में गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर आवागमन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि वर्तमान में जिले में झाबुआ विसउप चुनाव की आचार संहिता के चलते इस महीने में सड़कों के नवीनीकरण या मरम्मत की संभावना कम ही है।

पिछले साल की तुलना में जिले के किस ब्लाक में कितनी अधिक बारिश हुई

विकासखंड कितनी अधिक

आलीराजपुर 32.3

जोबट 24.5

उदयगढ़ 23.9

चशेआ नगर 32.8

कट्ठीवाड़ा 34

सोंडवा 38.1

कुल 31