नेहरू पर बहस में जयराम रमेश ने रिजिजू को बताया ‘डिस्टोरियंस’ क्लब का नया सदस्य

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कश्मीर को लेकर चल रही बहस पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू पर तंज कसा है। रमेश ने रिजिजू को ‘डिस्टोरियंस’ के क्लब का नया सदस्य बताया है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने एक लेख लिखा था। इसमें उन्होंने नेहरू पर जुलाई 1947 में महाराजा हरि सिंह के विलय के अनुरोध को ठुकराने का आरोप लगाया था। रिजिजू के लेख की कांग्रेस आलोचना कर रही है।

जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि उन्होंने किरण रिजिजू के बारे में एक ‘भाजपा विचारक’ से बात की। भाजपा विचारक ने कहा कि नेहरू की निंदा एक बात है लेकिन हरि सिंह को एक नायक के रूप में उठाना नया जुमला है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के विलय का मुद्दा उठाया और कहा कि भारत अभी भी नेहरू की मूर्खता की कीमत चुका रहा है क्योंकि नेहरू ने हरि सिंह के विलय के अनुरोध को खारिज कर दिया और कुछ विशेष दर्जे के लिए जोर दिया।