उत्तरप्रदेश में भाजपा को करारा झटका, सैकड़ों कार्यकर्ता सहित BJP के दो पूर्व विधायक सपा में शामिल

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सूबे उत्तरप्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के दो पूर्व विधायक समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इसके अलावा बसपा के भी एक पूर्व विधायक और मंत्री ने ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली है।

वही सबसे बड़ी बात यह है कि यह दोनों विधायक पार्टी के दिग्गज नेता और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र के पूर्व विधायक थे। इसमें कुशीनगर जिले के दिग्गज नेता और ब्राह्मण चेहरा माने जाने वाले नंद किशोर मिश्रा सेवरही और शंभू चौधरी नौरंगिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं।

नंद किशोर मिश्र पिछले तीस सालों से बीजेपी के साथ रहे हैं। लेकिन अब उनका पार्टी से मोहभंग हो गया है। उनका सपा में जाना 2019 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के लिए काफी बड़ा झटका माना जा रहा है। दूसरी ओर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा के लिए ये अच्छी खबर है।

इन दोनों नेताओं को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। बीजेपी के इन दोनों पूर्व विधयकों के अलावा बसपा के पूर्व विधायक ताहिर हुसैन भी सपा में अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं से साथ शामिल हुए। इसमें 5 बार के विधायक और मंत्री श्याम लाल रावत, पूर्व विधायक महेश वाल्मीकि और पूर्व सांसद लाल चंद्र कोल भी शामिल है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी पार्टी में जहां राजनीतिक रूप से सक्रिय लोग शामिल हो रहे हैं। वहीं हम प्रोफेशनल लोग जैसे डॉक्टर, इंजीनियर और प्रोफेसर का भी पार्टी में स्वागत करेंगे। हमारी कोशिश है कि प्रोफेशनल लोग सपा में आएं। अखिलेश ने कहा कि रंग की राजनीति सही नहीं है। बीजेपी के रंग धोखे वाली राजनीति के रहे हैं। होली के बाद बीजेपी नेताओं के रंग देखिएगा। जनता तैयार बैठी है।