शिंदे समर्थक विधायक पर फायरिंग का मामला दर्ज

मुंबई। मुंबई के प्रभादेवी इलाके में शनिवार देर रात शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों के बीच मारपीट के मामले में दादर पुलिस स्टेशन में शिंदे समर्थक विधायक सदा सरवणकर और अन्य के विरुद्ध फायरिंग का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किये गए 5 शिवसेना कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

मुंबई के प्रभादेवी इलाके में शिवसेना-शिंदे समूह के बीच तनातनी के मद्देनजर आक्रामक शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को दोपहर के बाद विधायक सदा सरवणकर के कार्यालय पर पथराव भी किया है। इससे दादर-प्रभादेवी में अब भी तनाव है। पुलिस ने यहां बंदोबस्त बढ़ा दिया है और शांति बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

गणेश विसर्जन की रात को शिवसेना और शिंदे समूह के बीच स्टाल लगाने को लेकर विवाद हो गया था, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गया। इसके बाद शिंदे समर्थक संतोष तेलवणे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर दी। इससे नाराज शिवसेना कार्यकर्ताओं ने शनिवार की रात को तेलवणे के साथ मारपीट की थी। उसी समय शिंदे समर्थक विधायक सदा सरवणकर ने फायरिंग कर दी थी। पुलिस ने 25 शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया और शिवसेना विभाग प्रमुख महेश सावंत सहित पांच शिवसैनिकों को गिरफ्तार कर लिया।इसके बाद मुंबई में शिवसेना के बड़े नेता सक्रिय हो गए। ये सभी लोग रविवार सुबह से दादर थाने में बैठे थे। शिवसेना के भारी दबाव को देखते हुए पुलिस ने इन सभी 5 कार्यकर्ताओं को टेबल जमानत देकर रिहा कर दिया और सदा सरवणकर पर फायरिंग का मामला दर्ज किया है। दादर पुलिस की टीम ने शिंदे समूह के कार्यकर्ता संतोष तेलवणे सहित 15 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया है। दादर-प्रभादेवी में अभी भी तनाव बना हुआ है।