भोपाल में शीतलहर का अहसास; दतिया सबसे ठंडा रहा, पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड

पहाड़ों से आई सीधी बर्फीली हवा के कारण मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ गई है। भोपाल समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार नए साल की शुरुआत में उत्तर के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वी और उत्तरी मध्यप्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा रह सकता है।

अभी ग्वालियर और इंदौर में कोहरा छाने लगा है। यहां पर दृश्यता एक किलो मीटर तक रह गई है। जबलपुर में भी कोहरा देखा जाने लगा है। भोपाल में सुबह के समय हल्का कोहरा है, लेकिन पहली बार दृश्यता 2 किलोमीटर तक रह गई। सामान्यत: यह 5 किलोमीटर तक रहती है। आने वाले समय में ग्वालियर, चंबल में कोहरा और बढ़ सकता है।

उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। इसके अलावा धार, गुना, ग्वालियर, पचमढ़ी, राजगढ़, रतलाम, खजुराहो, नौगांव और सागर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे चला गया।

मौसम विभाग के अनुसार 27 से 30 दिसंबर के बीच दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़त हो होगी। अभी पश्चिमोत्तर हवाएं पहाड़ों से बर्फीली हवाएं लेकर आ रही हैं, जो 27 से बदल जाएंगी। इसके चलते दिन और रात दोनों के तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।

29 के बाद फिर गिरेगा पारा…
मौसम विभाग के अनुसार भूमध्यसागर से उठा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय के क्षेत्रों में सक्रिय होगा। इसके कारण 29 दिसंबर के बाद पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी। कुछ स्थानों पर बारिश के भी आसार हैं। 29-30 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के चलते ताजा बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद हवा का पैटर्न बदलने पर मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। संभवत: ये इस सीजन के सबसे सर्द दिन होंगे।

अभी पश्चिमी हवाओं के चलने से ठंड बढ़ी
शनिवार शाम से उत्तरी हवाएं चलने लगी थीं। इस कारण मध्यप्रदेश में दिन और रात का तापमान गिर गया। पाकिस्तान से आने वाली हवाओं के कारण हिमालय में बर्फबारी हुई। वहां से आने वाली उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ा है। अगले 48 घंटे तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद मौसम फिर बदलेगा और तापमान में हल्की बढ़त होगी। 29 से लेकर 31 दिसंबर तक तापमान बढ़ेगा। 30 दिसंबर को प्रदेश भर में हल्के बादल छा सकते हैं। बारिश की संभावना नहीं है।