औरंगाबाद से लापता मशहूर यूट्यूबर ‘बिंदास’ काव्या इटारसी में मिली

इटारसी। महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर से लापता मशहूर यूट्यूबर ‘बिंदास’ काव्या को इटारसी में राजकीय रेलवे पुलिस ने ट्रेन से बरामद किया है। रेलवे पुलिस ने इटारसी पहुंचे परिजनों को काव्या को सौंप दिया है।

जानकारी के मुताबिक मूलतः उत्तरप्रदेश के लखनऊ के रहने वाली काव्या अपने परिवार के साथ औरंगाबाद में रहती है। वह किसी बात को लेकर अपने परिजनों से नाराज होकर घर से चली गई। बेटी के गुम होने से फ्रिकमंद उसके माता-पिता ने उसकी तलाश में एक वीडियो जारी किया था। साथ ही महाराष्ट्र पुलिस को भी सूचित किया था।बताया जा रहा है कि काव्या घर से निकलकर लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थी। इसी बीच महाराष्ट्र पुलिस ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाकर इटारसी स्टेशन स्थित जीआरपी थाने को संदेश दिया था। कंट्रोल रूम से मैसेज मिलने के बाद सक्रिय जीआरपी ने ट्रेनों में सर्चिंग अभियान चलाया। ट्रेन में काव्या मिलने के बाद जीआरपी ने उसे इटारसी स्टेशन पर उतार लिया। पुलिस की सूचना पर शनिवार देर रात काव्या के परिजन इटारसी पहुंच गए और उसे लेकर औरंगाबाद के लिए रवाना हो गए।

गौरतलब है कि काव्या एक मशहूर यूट्यूबर है। यूट्यूब चैनल पर उसके 43 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। फेसबुक पर भी उसकी अच्छी फॉलोइंग है। काव्या के पेज और चैनल पर उसकी मां अनु यादव ने एक वीडियो संदेश जारी कर उसके बारे में जानकारी देने की गुहार लगाई थी। इंटरनेट मीडिया पर उसके शुभचिंतक और फॉलोवर्स उसके मिलने की प्रार्थना कर रहे थे।