देश में कोरोना : बीते 24 घंटों में आए 29 हज़ार मरीज़, मौत का आंकड़ा जानें यहां

नई दिल्ली- देश में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में सोमवार को 29,689 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 42,363 लोग ठीक हुए और 415 मरीजों की मौत भी हुई। नए संक्रमितों की बात करें, तो यह आंकड़ा पिछले 132 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 16 मार्च को 28,869 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी।

हालांकि, covid19india.org के मुताबिक, बीते दिन देश में 30,811 संक्रमित मिले। इस दौरान 42,497 संक्रमित ठीक हुए और 418 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में 12,115 की कमी आई। 3 दिन बाद देश में नए केसेज से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं। इससे पहले 23, 24 और 25 जुलाई को ठीक होने वालों के मुकाबले नए केस ज्यादा आए थे।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 30,811
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 42,497
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 418
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.14 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.06 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.21 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.92 लाख

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।