कांग्रेस ने शिवराज सिंह को याद दिलाया किसानों को मुआवजा देने का बयान

भोपाल। मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में सोयाबीन की फसल खराब हो चुकी है। सरकार अब तक फसल बीमा की कम्पनी भी तय नहीं कर पाई है। किसान मुआवजे व राहत के लिए परेशान है मगर उनकी सुनवाई नहीं हो रही अहि। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुदनी के किसान और कांग्रेस नेता अर्जुन आर्य ने शिवराज सिंह का पुराना वीडियो जारी कर उन्हें उनका बयान याद दिलाया है। 

बुदनी निवासी अर्जुन आर्य की सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। ऐसे में अर्जुन आर्य शिवराज सिंह चौहान के उस बयान की याद दिला रहे हैं, जिसमें शिवराज सिंह चौहान तत्कालीन कमल नाथ सरकार से सोयाबीन की फसल बर्बाद होने पर किसानों को मुआवजा देने की बात कर रहे हैं। शिवराज सिंह और किसान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो दो हिस्सों में बंटा हुआ है। पहले हिस्से में शिवराज सिंह चौहान हैं, जिसमें वे तत्कालीन कमल नाथ सरकार से सोयाबीन की फसल बर्बाद होने पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 40 हज़ार रुपए मुआवजा देने की बात कर रहे हैं। 

वीडियो का दूसरा हिस्सा वर्तमान परिस्थिति का है, जब सोयाबीन की खेती करने वाले प्रदेश के अन्य किसानों की ही तरह बुदनी निवासी अर्जुन आर्य की फसल भी बर्बाद हो गई है। अर्जुन आर्य वीडियो में शिवराज सिंह चौहान को उनकी मांगों की याद दिला रहे हैं। अर्जुन आर्य शिवराज को उनके कथन की याद दिलाते हुए अपनी बर्बाद हुई सोयाबीन की फसल को लेकर प्रति हेक्टेयर 50 हज़ार रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। साथ ही 24 घंटों के भीतर किसानों को एक लाख रुपए की बीमा राशि उनके खाते में जमा करने की मांग कर रहे हैं। 

किसानों को शिवराज का बहिष्कार कर देना चाहिए

अर्जुन आर्य वीडियो में शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार पर आरोप लगा रहे हैं। अर्जुन आर्य का कहना है कि शिवराज ने अपने बेटे कार्तिकेय और पत्नी साधना सिंह के साथ मिलकर किसानों को ठगने का काम कर रहे हैं। अर्जुन आर्य के मुताबिक शिवराज ने यह तय कर रखा है कि आगे चलकर उनका बेटा बुदनी से विधायक तो पत्नी साधना विदिशा से सांसद बनेंगी। 

किसान पुत्र ने यह आरोप लगाया है कि शिवराज सिंह चौहान ने लूट की दुकान खोल रखी है। उनका बेटा और पत्नी चुनावों के दौरान चिकनी चुपड़ी बातें कर जानता को सपने दिखा कर वोट लेकर चले जाते हैं। लेकिन किसानों का कुछ भला नहीं हो पाता। अर्जुन आर्य ने कहा है कि शिवराज सिंह चौहान पीढ़ी दर पीढ़ी किसानों को लूटना चाहते हैं।अर्जुन आर्य ने वीडियो में प्रदेश के अपने किसान भाइयों से यह अपील की है कि अगर मुख्यमंत्री आज विपरीत परिस्थिति में किसानों के साथ खड़े नहीं होते हैं, तो किसानों को शिवराज का बहिष्कार कर देना चाहिए।