कांतिलाल भूरिया की जीत से कांग्रेस ने तीन दिन पहले ही मना ली दीपावली

झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के परिणाम कांग्रेस के लिए खुशी लेकर आए। कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने करीब 28 हजार मतों से जीत दर्ज की है और इसी के साथ कांग्रेस के कार्यकर्ताअों ने तीन दिन पहले ही दीपावली मना ली। भूरिया की जीत पर जिला मुख्यालय सहित अंचल में कार्यकर्ताअों ने आतिशबाजी की और मिठाई खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। हालांकि अभी जीत की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

पॉलिटेक्निक कॉलेज पर सुबह 8 बजे से मतों की गणना शुरू हुई। राउंड दर राउंड जैसे-जैसे कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया लीड लेते गए कांग्रेस के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई जबकि भाजपा के खेमे में सन्नाटा छाने लगा। भाजपाई नेता अपने प्रत्याशी की वापसी का इंतजार करते रहे लेकिन हर राउंड के बाद उम्मीद टूटती चली गई। मतगणना स्थल के बाहर बैठे दोनों ही दलों के नेता प्रत्येक राउंड की अपडेट लेते रहे।

दोपहर एक बजे बाद कांग्रेस प्रत्याशी की लीड 17 हजार को पार कर गई और इसी के साथ चुनाव में कांग्रेस की जीत का जश्न शहर में शुरू हो गया। जगह-जगह अातिशबाजी कर कांग्रेसी कार्यकर्ताअों ने खुशी का इजहार किया।

बाद में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया जुलूस के रूप में अपने गोपाल कॉलोनी स्थित कार्यालय से निकले। वे सुबह से ही यहीं बैठकर परिणाम की जानकारी ले रहे थे। जुलूस राजगढ़ नाका होते हुए मतगणना स्थल पहुंचा। जहां भूरिया का कांग्रेस के कार्यकर्ताअों ने हार पहनाकर स्वागत किया।

वहीं चुनाव में भाजपा की अयोध्या कल्याणपुरा में कांग्रेस ने इस बार सेंध लगा दी है साथ ही झाबुआ शहर की लीड भी भाजपा की कम हुई है, जिस पर अब पार्टी को मंथन करना होगा। भाजपा प्रत्याशी भानु भूूरिया के लिए पूर्वमुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जमकर पसीना बहाया था लेकिन वे प्रत्याशी को जीत नहीं दिला सके। शिवराज ने अपने भाषणों में कर्ज माफी सहित बिजली के बिलों को लेकर सरकार पर हमला बोला था लेकिन जनता ने भाजपा का साथ नहीं देते हुए कांग्रेस का हाथ थाम लिया।