अशोक तंवर ने कहा-राहुल गांधी के अपनों को ही किनारा किया जा रहा

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व चीफ अशोक तंवर ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही उन्हें प्रदेश कांग्रेस के मुखिया के पद से हटा दिया गया था। मुंबई कांग्रेस के नेता संजय निरूपम की तरह अशोक तंवर ने भी कहा है कि कांग्रेस में राहुल गांधी के करीबियों को किनारे लगाया जा रहा है और उनके खिलाफ साजिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि उनके सामने पार्टी छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। उन्होंने यह भी कहा है कि वह फिलहाल बीजेपी या किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं होने जा रहे। अशोक तंवर ने आगे कहा, ‘जो लोग सिस्टम में अच्छे से स्थापित हैं, वे अच्छे से लोगों का दोहन करते हैं। वे एसी कमरों में बैठते हैं, विदेश यात्राओं पर जाते हैं और पांच साल पैसे कमाते हैं। चुनाव के ठीक पहले वे ऐसे अवतरित हो जाते हैं, जैसे देवी-देवता हों लेकिन उनके कर्म देवी-देवता वाले नहीं हैं, कर्म राक्षसी हैं।’

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पार्टी में पैसे, ब्लैकमेलिंग और दबाव बनाने रणनीति काम कर रही है। तंवर ने पार्टी के प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि इन नेताओं के साथ ‘सेटिंग’ ही टिकट पाने का सबसे महत्वपूर्ण मापदण्ड बन गया है, ऐसे में पांच साल मेहनत करने वाले कई कार्यकर्ता टिकट पाने से उपेक्षित रह गए।

कांग्रेस से इस्तीफ के बाद अशोक तंवर ने ट्विटर पर भी विरोध जताया है। विरोध जताने के लिए उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक्चर और कवर फोटो को काला कर दिया है। हालांकि, अभी एक दिन पहले तक ट्विटर पर कांग्रेस की ओर से ही सक्रिय रहे हैं। वायनाड पहुंचे राहुल गांधी के विडियो को भी उन्होंने रीट्वीट किया था।

अशोक तंवर ने लगाए थे टिकट बेचने के आरोप

आपको बताते चलें कि हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से अनबन के चलते कांग्रेस ने अशोक तंवर को हटाकर कुमारी शैलजा को प्रदेश कांग्रेस का मुखिया बनाया है। अशोक तंवर ने हाल ही में टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी जताई थी। अशोक तंवर ने हरियाणा कांग्रेस को ‘हुड्डा कांग्रेस’ बनाए जाने का आरोप लगाया था।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे पर अशोक तंवर ने कहा था कि पांच-पांच करोड़ रुपये में टिकट बेचे जा रहे हैं। बता दें कि तंवर ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर पुराने लोगों को नजरअंदाज कर नए लोगों को टिकट देने का आरोप लगाया था। शनिवार को तंवर ने ट्वीट कर लिखा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से लंबे समय तक विचार-विमर्श के बाद मैंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है।