कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया का आरोप फसलों में कीड़े पड़ रहे हैं, अफसर किसानों की मदद नहीं कर रहे

सरकारी खाद भी नहीं मिल पा रही। प्रशासन द्वारा किसानों को बोवनी एवं उत्पादन के बारे में और खाद बीज बांटने के बारे में फर्जी आंकड़े बताए जा रहे हैं।

जिले में किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। किसान परेशान हैं लेकिन सरकार और कृषि विभाग ध्यान नहीं दे रहे। उनकी फसलों में कीड़े लग रहे हैं, नुकसान हो रहा है, लेकिन अफसर मदद के लिए पहुंच तक नहीं रहे। ये आरोप कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया और उनकी पार्टी के लोगों ने लगाए। एक बयान जारी कर कहा, उड़द, सोयाबीन, मक्का एवं कपास में बारिश कम होने से पहले दोबारा बोवनी की नौबत आई। अब फसलों पर येलो मोजेक व अन्य कीड़े पड़ रहे हैं।

किसान बाजार से मंहगी दवाई एवं खाद लेने पर विवश हैं। सरकारी खाद भी नहीं मिल पा रही। प्रशासन द्वारा किसानों को बोवनी एवं उत्पादन के बारे में और खाद बीज बांटने के बारे में फर्जी आंकड़े बताए जा रहे हैं। सोयाबीन की फसल में इल्लियां लग रही हैं। विधायक प्रतिनिधि डाॅ. विक्रांत भूरिया एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता हर्ष भट्ट ने बताया कोरोना महामारी के चलते मजदूर भी काम से वंचित हैं। इधर फसल उगाना भी महंगा पड़ रहा। ऐसे में किसानों को तत्काल सहायता दी जाने की जरूरत है। विधायक वीरसिंह भूरिया, वालसिंह मेड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति राजेश डामोर, आशीष भूरिया सहित अन्य नेताओं ने इस समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।